बिहार में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं. प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है. इस बीच मौसम विभाग ने 17 अगस्त से 22 अगस्त तक के मौसम को लेकर दैनिक बुलेटिन जारी किया है. IMD के मुताबिक, बिहार में बारिश का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. सोमवार, 17 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने, बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
बिहार में 17 अगस्त को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. भभुआ (कैमूर), गया, जमुई और नवादा में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है. वहीं रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, मुंगेर और खगड़िया में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. तापमान की बात करें तो 17 अगस्त को अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा और यह ज्यादातर जिलों में 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि, अगले 24 घंटे के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है.
क्या है मानसून की वर्तमान स्थिति?
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और मजबूत होने की संभावना है. इसके अलावा मानसून ट्रफ और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का भी असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है. इन मौसमी सिस्टम के चलते राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मेघ गर्जन और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित जगह पर रहें.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में भी बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 18 अगस्त को औरंगाबाद, बांका, भभुआ, बक्सर, गया, नवादा और रोहतास में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 19 अगस्त को बक्सर, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में भारी बारिश की संभावना है. वहीं 20 अगस्त को अररिया, कटिहार, किशनगंज और सुपौल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. 21 और 22 अगस्त को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की स्थिति बनने की भी संभावना है.
यह भी पढ़ें: तिरंगे के बीच ‘सुपर कॉप’ का मां वाला अंदाज, बेटे मिरान के साथ अरवल SP नवजोत सिमी की तस्वीर ने जीता दिल
ADVERTISEMENT


