Bihar Weather Update: बिहार में 11 जुलाई को भी भारी बारिश का खतरा! IMD ने 12 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल

न्यूज तक डेस्क

• 04:21 PM • 10 Jul 2026

Bihar Weather Update 11 July: बिहार में 11 जुलाई को भी मानसून का असर तेज रहेगा. मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज समेत 12 जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. जानिए मौसम का पूरा हाल.

Bihar Rain Alert
Bihar Rain Alert
Google CTA

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और 11 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बिहार के तीन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर बिहार के नौ अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. इसके साथ ही कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है.

Read more!

11 जुलाई को किन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट?

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है. इसके अलावा अररिया, दरभंगा, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान और सुपौल जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

तेज हवा और वज्रपात का भी रहेगा खतरा

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है, इसलिए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

11 जुलाई के बाद भी बिहार में मानसून सक्रिय रहेगा और अगले कई दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है.

12 जुलाई: दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में तेज हवा और वज्रपात की संभावना रहेगी.

13 जुलाई: बांका, जमुई और नवादा जिलों में भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा.

14 जुलाई: बांका, जमुई और नवादा में फिर भारी बारिश का पूर्वानुमान है. उत्तर-मध्य, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में तेज हवा और वज्रपात का खतरा रहेगा.

15 और 16 जुलाई: उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी रहेगी.

तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. 11 जुलाई को उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस, जबकि उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.