Bihar Weather Update: बिहार में 12 जुलाई को भी मूसलाधार बारिश का खतरा, 4 जिलों में भारी वर्षा का रेड अलर्ट! जानिए मौसम का पूरा हाल

न्यूज तक डेस्क

• 03:48 PM • 11 Jul 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 12 जुलाई को मानसून का असर जारी रहेगा. IMD ने अररिया, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. जानिए किन जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और अगले 5 दिनों का मौसम कैसा रहेगा.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और 12 जुलाई को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक उत्तर-पूर्व बिहार के चार जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि छह अन्य जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Read more!

12 जुलाई को इन 4 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 12 जुलाई को राज्य भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. साथ ही विभाग ने 4 जिलों में अत्याधिक भारी बारिश का भी रेड अलर्ट जारी किया है. इनमें अररिया, किशनगंज, मधुबनी और सुपौल जिले शामिल हैं, जहां एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में जलभराव, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.

इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

इसके अलावा दरभंगा, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा और सीतामढ़ी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों के लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

अधिकांश जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई को बिहार के अधिकांश जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. बारिश के दौरान तेज हवा चल सकती है, इसलिए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 जुलाई तक भी बिहार में मानसून सक्रिय रहेगा, हालांकि बारिश का दायरा धीरे-धीरे सीमित हो सकता है.

13 जुलाई: अररिया, दरभंगा, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है. उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.
14 जुलाई: पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर बिहार में वज्रपात का खतरा बना रहेगा.
15 जुलाई: अररिया और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है. उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
16 जुलाई: उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.
17 जुलाई: उत्तर बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.

तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव

IMD के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा. 12 जुलाई को उत्तर और पूर्वी बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा दक्षिण-पश्चिम बिहार में 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान अधिकांश जिलों में 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान सुरक्षित पक्के भवन में रहें और खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें. अत्यधिक भारी बारिश वाले क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी, शहरी इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है. ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है.