Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. भीषण गर्मी के बीच अब मानसून की दस्तक तेज होती नजर आ रही है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. इसके असर से राज्य के कई इलाकों में मौसम बदलने लगा है और आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है. इसी बीच मौसम विभाग ने 14 जून के लिए बिहार के 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में तेज हवा चलने, गरज-चमक के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. आइए जानते हैं कि 14 जून को बिहार के किन-किन जिलों में बारिश का अलर्ट है और अगले कुछ दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है.
14 जून को इन 12 जिलों में जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बादलों के गरजने की चेतावनी जारी की गई है. विभाग ने 14 जून के लिए 12 जिलाें में येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. साथ ही बिजली गिर सकती है और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं.
आने वाले दिनों बिहार के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बिहार के तापमान में कोई बहुत बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि, 15 और 16 जून को उत्तर-पूर्व बिहार (सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा) और दक्षिण-पूर्व बिहार (जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया, भागलपुर) के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिल सकती है, जिससे वहां के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं 16 जून को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व भाग के जिलों में हवा की रफ्तार बढ़कर 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे धूल भरी आंधी और बादल के गरजने की स्थिति बन सकती है. इसके बाद 17 से 19 जून के बीच भी राज्य के अलग अलग हिस्सों में एक-दो स्थानों पर बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का सिलसिला जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT


