पिछले कई दिनों से बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है. कहीं बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है तो कहीं उमस और बादलों की वजह से परेशानी बढ़ रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 14 मई को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग ने खासकर उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों के लिए मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
ADVERTISEMENT
14 मई को कैसा रहेगा मौसम?
14 मई को बिहार के उत्तर-पूर्व हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है. दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई जगहों पर अचानक बारिश शुरू हो सकती है. तेज हवा की वजह से कमजोर ढांचों, टिन शेड और पेड़ों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है.
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 15 मई को भी उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी. वहीं 16 मई को मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है. 16 मई के लिए अररिया, पूर्वी चंपारण, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल और पश्चिम चंपारण जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है. 17 मई को भी उत्तर-पूर्व बिहार में खराब मौसम बना रह सकता है. हालांकि 18 और 19 मई के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान जान-माल और पशुओं को नुकसान पहुंच सकता है. तेज हवा की वजह से झुग्गी-झोपड़ी, टिन शेड और कच्चे मकानों को नुकसान होने की आशंका है. विभाग ने लोगों से कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में न रहें और तुरंत किसी पक्के मकान में शरण लें. ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत संचालक वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी गई है. साथ ही बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने को भी कहा गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.
तापमान का हाल
मौसम विभाग के तापमान पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों में 14 मई को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं पटना, गया, नालंदा और आसपास के इलाकों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसके उलट उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा. किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
ADVERTISEMENT


