Bihar Weather Update: बिहार में शुरू हो गया गर्मी का दौर, 15 अप्रैल को भी नहीं मिलेगी राहत, बारिश को लेकर IMD ने दिया ये अलर्ट!

Bihar Weather Forecast: बिहार में गर्मी का दौर तेज हो गया है. IMD के अनुसार 15 अप्रैल को भी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. अगले कुछ दिनों में पारा और चढ़ेगा, जिससे हीट जैसी स्थिति बन सकती है. हालांकि 17-18 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है. जानिए बिहार का ताजा मौसम अपडेट.

Bihar Weather Today
Bihar Weather Today

न्यूज तक डेस्क

follow google news

बिहार में मौसम का मिजाज एकदम पलट सा गया है. राज्य में अब बारिश और तेज हवाओं का दौर खत्म हो गया है और धीरे-धीरे इसकी जगह गर्मी होने लगी है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, फिलहाल राज्य में बारिश को लेकर कोई खास संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसे ही शुष्क बना रहेगा. हालांकि, तापमान में लगातार बढ़ोतरी से लोगों को गर्मी का एहसास और ज्यादा होगा. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.

Read more!

कैसा रहा पिछले 24 घंटे का हाल?

पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. अधिकतम तापमान 31.3 से 39.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें सबसे ज्यादा तापमान रोहतास के डेहरी में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 16.4 से 25.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और सबसे कम तापमान सीवान के जीरादेई में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हवा की बात करें तो सारण जिले में अधिकतम 43 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं.

आज कैसा रहेगा मौसम?

15 अप्रैल को बिहार के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम साफ रहने के कारण हीट का असर ज्यादा महसूस होगा.

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 2-3 दिनों के दौरान 1 से 3 डिग्री की वृद्धि संभव है. इसका मतलब है कि राज्य में गर्मी लगातार बढ़ेगी और दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगेंगी. पश्चिमी विक्षोभ का असर मुख्य रूप से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र तक सीमित रहेगा, जिसका बिहार पर सीधा प्रभाव नहीं दिखेगा.

बारिश का हाल

फिलहाल बिहार में बारिश की कोई व्यापक संभावना नहीं है. 15 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है. हालांकि, 17 और 18 अप्रैल के आसपास उत्तर-पूर्व बिहार के कुछ जिलों अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के बाकी हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है.

नीतीश कुमार की विदाई: अशोक चौधरी के छलके आंसू, राम कृपाल यादव भी हुए भावुक

    follow google news