बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है और 16 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार 16 को दरभंगा और मुजफ्फरपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
16 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 16 जुलाई को दरभंगा और मुजफ्फरपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. इन इलाकों में जलभराव, निचले क्षेत्रों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. ऐसे में खुले मैदानों, खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
किन इलाकों में कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होगा.
उत्तर-पश्चिम बिहार: अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस
उत्तर-मध्य बिहार: अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस
उत्तर-पूर्व बिहार: अधिकतम 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस
दक्षिण-पश्चिम बिहार: अधिकतम 32 से 34 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस
दक्षिण-मध्य बिहार: अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस
दक्षिण-पूर्व बिहार: अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस
लगातार बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियों के कारण अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा.
अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 21 जुलाई तक भी बिहार के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.
17 जुलाई: भभुआ, पूर्णिया और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में तेज हवा और वज्रपात की संभावना रहेगी.
18 जुलाई: भागलपुर और कटिहार में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा अररिया, बांका, जमुई, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात का खतरा रहेगा.
19 जुलाई: जमुई, लखीसराय, नवादा और शेखपुरा में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जबकि औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा और पटना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
20 जुलाई: जहानाबाद और नालंदा में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. अरवल, भोजपुर, बक्सर, पटना और सारण में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
21 जुलाई: औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर और रोहतास में भारी बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवा और वज्रपात का खतरा बना रहेगा.
मौसम विभाग की सलाह
आईएमडी ने लोगों को मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में नदियों के जलस्तर में वृद्धि, शहरी इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


