Bihar Weather Forecast: बिहार में मार्च के तीसरे सप्ताह के साथ मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. दिन के समय धूप तेज होने लगी है, जिससे कई जिलों में हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि आने वाले कुछ दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में बिहार का मौसम!
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा. हालांकि किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. बारिश की सबसे अधिक मात्रा ठाकुरगंज में करीब 5.8 मिमी रिकॉर्ड की गई.तापमान की बात करें तो राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस डेहरी (रोहतास) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में रिकॉर्ड किया गया.
17 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दिन आसमान सामान्य रूप से साफ या हल्के बादलों के साथ रह सकता है. दिन के समय धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात का मौसमआरामदायक बना रहेगा. अधिकतम तापमान लगभग 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
बारिश को लेकर क्या है अपडेट?
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार है और इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इनमें सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका, पूर्णिया और जमुई जिले शामिल है. यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और साथ ही कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बारिश हो सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी अगले 5 दिनों तक खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा. हालांकि 18 मार्च से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान कुछ जगहों पर मौसम में नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है.
ADVERTISEMENT


