Bihar Weather Today: बिहार राज्य में मौसम का मिजाज बहुत तेजी से बदल रहा है. पिछले कुछ दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बादल बरस रहे थे और मौसम विभाग की तरफ से बारिश की चेतावनियां आ रही थीं. कई इलाकों में लोगों को पानी गिरने से राहत भी मिली थी. लेकिन अब मौसम वैज्ञानिकों ने एक बिल्कुल नया अलर्ट जारी कर दिया है. आज राज्य के आसमान से पानी नहीं बल्कि आग बरसने वाली है, जिसके कारण लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. हालांकि माैसम विभाग ने अनुसार आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम करवट लेगा और प्रदेश के कुछ जिलों में तेज आंधी-तूफान और गर्जना के साथ भारी बारिश होगी.
ADVERTISEMENT
बिहार में 18 मई को कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में पिछले कई दिनों से हो रही हल्की-फुल्की राहत की बारिश का सिलसिला अब पूरी तरह थम गया है और आज यानी 18 मई को राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, कल राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिलेगी और आसमान साफ रहेगा. इससे तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिमी और उत्तर पूर्वी बिहार के कुछ चुनिंदा स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी जरूर दर्ज की गई थी, लेकिन आज राज्य के किसी भी जिले में बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे लोगों को अब सीधे भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
इन जिलों जारी किया गया हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने कल के लिए कुछ खास जिलों में हीट वेव यानी लू की चेतावनी जारी की है. इसमें ईस्ट चंपारण (पूर्वी चंपारण), बक्सर और शेखपुरा में जिलों में तीव्र हीट वेव चलने की संभावना को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है. इन तीन जिलों में तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी. इनके अलावा वेस्ट चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, वैशाली, भोजपुर, राजधानी पटना, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया और किशनगंज सहित अन्य सभी जिलों में आज मौसम सामान्य रूप से शुष्क और साफ बना रहेगा.
बिहार में तापमान का पूर्वानुमान
राज्य में गर्मी अब अपने चरम पर पहुंचने लगी है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिहार का सबसे अधिकतम तापमान डेहरी में 42.6 सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं, सबसे न्यूनतम तापमान वाल्मिकी नगर में 23.4 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात और सुबह के समय लोगों को थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, आज अलर्ट वाले तीन जिलों में लू (हीट वेव) चलने के कारण पारा और अधिक चढ़ सकता है, जिससे दोपहर के समय लोगों को भीषण तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने पड़ेंगे. इसके साथ ही, बाकी के जिलों में भी धूप तेज होने के कारण उमस भरी गर्मी का असर बढ़ने की उम्मीद जताई गई है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार के लोगों को गर्मी से बहुत जल्द दोबारा राहत मिलने के आसार हैं. IMD के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम फिर से एक बड़ी करवट लेने जा रहा है. 19 मई को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश की दोबारा दस्तक होने की संभावना जताई गई है. इन दिन सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में तेज आंधी-तूफान और गर्जना के साथ भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इसके उलट, इसी दिन ईस्ट चंपारण, बक्सर और शेखपुरा में हीट वेव का प्रकोप भी जारी रहेगा, जिससे राज्य में एक ही समय पर बारिश और भीषण गर्मी दोनों का मिलाजुला अनोखा असर देखने को मिलेगा.
ADVERTISEMENT


