बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. राज्य में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है, जिससे तापमान में गिरावट और झमाझम बारिश की उम्मीद जगी है. मौसम विभाग ने आज, 21 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव आने की संभावना जताई है, जिससे आम जनजीवन को तपिश से थोड़ी निजात मिल सकती है.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान बिहार में मौसम का मिजाज मिला-जुला रहा और राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहा. तापमान की बात करें तो रोहतास जिले का डेहरी इलाका सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. हालांकि, इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा या विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिला. न्यूनतम तापमान की बात करें तो औरंगाबाद, बक्सर और वाल्मीकिनगर में सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा, बक्सर जिले में हवाओं की रफ्तार काफी तेज रही, जहां 43 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं.
आज इन चार जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट
आज यानी 21 अप्रैल को बिहार के चार प्रमुख जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है. अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है. इन जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं के साथ-साथ इन इलाकों में मेघ गर्जन और बिजली गिरने की भी आशंका है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. इन जिलों के अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहने की उम्मीद है.
आज के तापमान का पूर्वानुमान
तापमान के मोर्चे पर आज राज्य में थोड़ी राहत दिखने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो पिछले दिनों के मुकाबले थोड़ा कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है. चार जिलों में होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी तपिश से कुछ राहत महसूस की जा सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
आने वाले दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. हालांकि 22 अप्रैल को राज्य में बारिश को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आएगी. 23 अप्रैल को एक बार फिर अररिया और किशनगंज में बारिश की संभावना है. राहत का सबसे बड़ा दौर 24, 25 और 26 अप्रैल को देखने को मिल सकता है, जब मौसम विभाग ने बिहार के अधिकतर जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है. यानी महीने के आखिरी दिनों में बिहारवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं.
प्रधानमंत्री को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम की एक गलती पड़ गई भारी! जीवन भर रहेगा इस बात का मलाल
ADVERTISEMENT


