बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और 21 जुलाई को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावनाएं है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम और राज्य के अन्य कई हिस्सों में भी भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
21 जुलाई को कैसा रहेगा बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के अनेक स्थानों पर भी वर्षा होने का पूर्वानुमान है. यानी राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश देखने को मिल सकती है.
इन जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने 21 जुलाई के लिए भभुआ (कैमूर), गया, नवादा और रोहतास जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में जलभराव और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा बना रह सकता है.
इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी
मौसम विभाग ने बक्सर, गोपालगंज, सीवान और पश्चिम चंपारण जिलों में भारी बारिश के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा नालंदा जिले में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
इन इलाकों में भी रहेगा वज्रपात का खतरा
साथ ही अरवल, औरंगाबाद, भोजपुर, पूर्वी चंपारण और सारण जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों के अलावा बेगूसराय, जहानाबाद, लखीसराय, पटना और शेखपुरा में भी गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
तापमान में रहेगा मामूली बदलाव
21 जुलाई को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि दक्षिण-पूर्व बिहार में 30 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान अधिकांश क्षेत्रों में 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार 22 जुलाई को बांका, गया, जमुई और नवादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 23 जुलाई को बक्सर, गोपालगंज, रोहतास, सीवान और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की संभावना है. 24 जुलाई को दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं 25 और 26 जुलाई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं.
ADVERTISEMENT


