Bihar Weather Update: 21 मई को बिहार में मौसम का डबल अटैक! कुछ जिलों में बारिश तो कहीं हीटवेव का अलर्ट...जानिए IMD का अलर्ट

Bihar Weather Update 21 May : बिहार में 21 मई को मौसम का डबल अटैक देखने को मिलेगा. IMD ने कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और 50 KM/H तक तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जबकि औरंगाबाद, बक्सर, रोहतास समेत कई जिलों में हीटवेव का खतरा बना हुआ है. जानिए किन जिलों में बारिश होगी, कहां चलेगी लू और अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम अपडेट.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

बिहार में गर्मी और उमस के बीच अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 21 मई के लिए राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासकर उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में हीटवेव का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है.

Read more!

21 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 21 मई को बिहार के उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि कई जिलों में शाम और रात के समय मौसम ज्यादा सक्रिय हो सकता है.

किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?

उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी मौसम खराब हो सकता है. इसके अलावा भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया समेत दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में भी मेघ गर्जन और तेज हवा चलने का अनुमान है.

इन जिलों में हीटवेव का खतरा

मौसम विभाग ने औरंगाबाद, भभुआ, भोजपुर, बक्सर और रोहतास जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 22 मई से 26 मई के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 25 और 26 मई को राज्य के अधिकतर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर बिहार के जिलों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट भी देखने को मिल सकती है.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विभाग के अनुसार मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें. तेज हवा के दौरान कच्चे मकान, टिन शेड और कमजोर ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है.

इसके अलावा हीटवेव को देखते हुए लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, ओआरएस और लस्सी का सेवन करने तथा दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और घर को ठंडा रखने की भी सलाह दी गई है.

नीतीश कुमार के सपोर्ट में आए पप्पू यादव, आनंद मोहन के इन दावों को सिरे से कर दिया खारिज!

    follow google news