बिहार में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है और मानसून की गतिविधियां भी तेज हो रही है. पिछले कुछ दिनों तक राज्य में लोग गर्मी से परेशान हो रहे थे, वहीं अब आने वाले दिनों में लोगों को इससे पूरी तरह राहत मिल सकती है. इसी बीच IMD ने 22 जून के मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक राज्य के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवा और कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. उत्तर बिहार के कई जिलों में जहां अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं दक्षिणी हिस्सों में भी आंधी-तूफान के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य में मानसून की सक्रियता और बढ़ सकती है.
ADVERTISEMENT
22 जून को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 22 जून को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा. उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में एक-दो स्थानों पर वर्षा दर्ज की जा सकती है.
वहीं तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग ने अररिया, कटिहार, सीतामढ़ी और सुपौल जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और सहरसा समेत दक्षिण-मध्य तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में भी मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
वहीं दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, वैशाली तथा उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
आने वाले दिनों में और सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 23 जून के आसपास बिहार के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसके चलते राज्य में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं.
25 जून से 27 जून के बीच उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी भी जारी की गई है. अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधुबनी और पूर्वी चंपारण जैसे जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT


