Bihar Weather Update: 22 मई को बिहार में बदलेगा मौसम, 12 जिलों में आंधी-बारिश तो 6 जिलों में भीषण गर्मी का IMD ने दिया अलर्ट

Bihar Weather Update: बिहार में 22 मई को मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. IMD ने 12 जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जबकि 6 जिलों में हीटवेव और भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है. जानिए किन जिलों में बारिश होगी, कहां चलेगी लू और अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा बिहार का मौसम.

Bihar weather Update
Bihar weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

बिहार में एक तरफ भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो दूसरी तरफ मौसम का मिजाज भी तेजी से बदल रहा है. मौसम के इस रवैये ने अब लोगों को परेशान कर दिया है. इसी बीच IMD का ताजा अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक 22 मई को राज्य के कई जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. खासकर सीमांचल और उत्तर बिहार के जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में हीटवेव का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है. विस्तार से जानिए पूरी कहानी

Read more!

22 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 22 मई को बिहार के उत्तर-मध्य, दक्षिण-पूर्व और सीमांचल के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

किन जिलों में जारी हुआ आंधी-बारिश का अलर्ट?

मौसम विभाग ने अररिया, गोपालगंज, मधेपुरा, सहरसा, सारण, सीवान और सुपौल जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसके अलावा पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में तेज आंधी के साथ हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया जिलों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात के साथ भारी वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में जलजमाव जैसी स्थिति भी बन सकती है.

हीटवेव को लेकर भी चेतावनी

एक तरफ जहां कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने अरवल, भोजपुर और बक्सर जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. वहीं औरंगाबाद, भभुआ और रोहतास जिलों में गर्म हवाओं के साथ गर्म रात रहने की संभावना जताई गई है. दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में भी लू चल सकती है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 27 मई तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 25 और 26 मई को राज्य के अधिकतर हिस्सों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. वहीं 27 मई को उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार में फिर से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की अपील की है. विभाग के अनुसार मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें. तेज हवा के दौरान कच्चे मकान, झुग्गी-झोपड़ी और टिन शेड को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा हीटवेव को देखते हुए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और लस्सी पीने की सलाह दी गई है. दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.

    follow google news