बिहार में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होती जा रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में हीट वेव का असर बना रह सकता है. मौसम विभाग ने गरज-तड़क, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. बिहार और झारखंड से होकर गुजर रही मौसमी ट्रफ तथा बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर राज्य के मौसम पर पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
25 जून को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
25 जून को उत्तर बिहार के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तर बिहार के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 25 जून के लिए अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
दक्षिण बिहार में हीट वेव का खतरा
दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ जिलों में 25 जून को भी उष्ण लहर चलने की संभावना है. इनमें रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जैसे जिले शामिल हैं. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. 26 जून से उत्तर-पूर्व बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. 27 और 28 जून को उत्तर बिहार के कई जिलों में व्यापक वर्षा का अनुमान है, जबकि 28 जून को पूर्णिया और कटिहार में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 29 और 30 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
मौसम विभाग की चेतावनी
IMD ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग के अनुसार मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले स्थानों में न रहें और तुरंत किसी पक्के भवन में शरण लें. पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा विद्युत उपकरणों के प्लग निकाल दें. तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और अस्थायी संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए उन्हें सुरक्षित करने की सलाह दी गई है.
वहीं हीट वेव से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ लेने, दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए निचले और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


