बिहार में मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून को बिहार के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज बदला-बदला रह सकता हबै. कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है तो कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार दिखाई पड़ रहे हैं. वहीं दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में तापमान अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT
26 जून को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात भी हो सकता है. मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है.
इन जिलों में रहेगा सबसे ज्यादा गर्मी का असर
26 जून को दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर (भभुआ), औरंगाबाद और अरवल जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद और शेखपुरा जैसे दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में भी तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इन क्षेत्रों में लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है.
उत्तर बिहार और सीमांचल में बारिश के ज्यादा आसार
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण और सीवान सहित उत्तर-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर जैसे उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
सीमांचल के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधेपुरा और सहरसा जिलों में भी 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान है. इन जिलों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
पूर्वानुमान के अनुसार 27 जून से 1 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है. उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दक्षिण बिहार में भी गर्मी का असर कम होने की संभावना है. मानसूनी गतिविधियां मजबूत होने के कारण कई जिलों में बारिश की संभावना बढ़ेगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें. तेज हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके अलावा भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. लोगों को दोपहर के समय अत्यधिक गर्मी से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ लेने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर CM सम्राट चौधरी ने तोड़ी चुप्पी, मंच से किया ये बड़ा ऐलान!
ADVERTISEMENT


