Bihar Weather Update: बिहार में 29 अक्टूबर से दिखेगा 'अर्नब' चक्रवात का असर! कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए IMD का अपडेट

न्यूज तक डेस्क

• 04:37 PM • 28 Oct 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी है. भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में भारी बारिश की संभावना है, जबकि 30 अक्टूबर को कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के संकेत हैं. जानें IMD का जिला-वार मौसम पूर्वानुमान और चक्रवात का अपडेट.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update
Google CTA

बिहार में 29 अक्टूबर को चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल यानी 29 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है. भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

Read more!

विभाग की रिपोर्ट में चक्रवात 'अर्नब' को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बताया गया है. इसके साथ ही बिहार के दक्षिण-पश्चिम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण भी दर्ज किया गया है. ऐसे में 29 अक्टूबर को बिहार के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई गई है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा हाल.

29 अक्टूबर को बिहार के किन जिलों में होगी बारिश?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर को बिहार के सभी छह मौसम क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसका मतलब है कि उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक मौसम का असर देखने को मिल सकता है.

- उत्तर-पश्चिम बिहार: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है.
- उत्तर-मध्य बिहार: मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है.
- उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में अधिकांश स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
- दक्षिण-पश्चिम बिहार: रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है.
- दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है.
- दक्षिण-पूर्व बिहार: जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है.

भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में भारी बारिश का अलर्ट

29 अक्टूबर को बिहार के चार जिलों भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है.

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 29 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.

अर्नब चक्रवात की क्या है स्थिति?

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की रिपोर्ट के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को शाम 5:30 बजे अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'अर्नब' पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश तट के पास मौजूद था. उस समय यह लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था.

पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के पहले पश्चिम-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना थी. इसके 28 अक्टूबर की तड़के आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने का अनुमान जताया गया था. इस दौरान हवा की निरंतर गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना बताई गई थी.

बिहार में हवा और तापमान का कैसा रहेगा हाल?

29 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य हिस्सों में सतही हवा की गति 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है. झोंकों के साथ हवा की गति 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तापमान के मामले में भी गिरावट का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है. इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है.

30 अक्टूबर को भी बारिश से राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान में 30 अक्टूबर को भी बिहार के अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश के संकेत दिए गए हैं. 30 अक्टूबर को भभुआ, गोपालगंज, रोहतास, सीवान और पश्चिम चंपारण में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा अरवल, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, पटना, सहरसा, सीतामढ़ी और वैशाली में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान उत्तर-पूर्व, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है.

Bihar MLC Election Result 2026: आठ सीटों पर नतीजे, कहीं NDA की जीत तो कहीं बड़ा उलटफेर