बिहार में फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम धीरे-धीरे करवट बदलने लगा है. ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिलने लगे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना के अनुसार 3 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि उत्तर-पश्चिमी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. आइए विस्तार से जानते है मौसम की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और राज्य के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई. इस दौरान राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में दर्ज किया गया. इसके साथ ही कोहरे का असर भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जहां सारण जिले के छपरा में न्यूनतम दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सुबह के समय आवाजाही प्रभावित रही.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 फरवरी को बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा. दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि सुबह और देर रात ठंड का असर बना रहेगा. विशेष रूप से उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है. वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है.
किस जिले में कौन सा अलर्ट और कहां होगी बारिश?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 फरवरी के लिए कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण और गोपालगंज जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम बिहार के कैमूर और रोहतास जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
आने वाले दिनों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा. इस अवधि में राज्य के अनेक जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे रात की ठंड में कुछ कमी आएगी.
इसके बाद अगले 72 घंटों तक तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है और मौसम सामान्य बना रह सकता है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 5 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका हल्का असर आगे चलकर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है.
यह खबर भी पढ़ें: UGC रेगुलेशन 2026 के समर्थन में पटना में भारी बवाल, सड़कों पर उतरे छात्रों के साथ पुलिस की हुई तीखी नोकझोंक
ADVERTISEMENT

