बिहार में 31 अक्टूबर को भी दिखेगा 'अर्नब' का असर! कई जिलों में बारिश के लिए IMD का आया ताजा अपडेट

सौरव कुमार

• 07:13 PM • 30 Oct 2026

Bihar Weather Update 31 October: चक्रवात अर्नब के कमजोर पड़ने के बावजूद बिहार में 31 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर-पूर्व बिहार में मौसम शुष्क रह सकता है.

Bihar Weather Update 31 October
Bihar Weather Update 31 October
Google CTA

अर्नब चक्रवात के कारण बिहार के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है. राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान भी अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इसकी वजह से कई जगह अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई. इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक चक्रवात 'अर्नब' अब कमजोर पड़ चुका है. इस मौसमी सिस्टम के कारण 31 अक्टूबर को बिहार के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.

Read more!

31 अक्टूबर को बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को बिहार के पांच मौसम क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तर-पूर्व बिहार में मौसम शुष्क रह सकता है. यानी राज्य के सभी जिलों में बारिश नहीं होगी, बल्कि कुछ जगहों पर ही बारिश देखने को मिल सकती है. जिलों के हिसाब से मौसम का हाल इस प्रकार रहेगा:

- उत्तर-पश्चिम बिहार: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.
- उत्तर-मध्य बिहार: मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है.
- उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
- दक्षिण-पश्चिम बिहार: रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.
- दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है.
- दक्षिण-पूर्व बिहार: जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.

अर्नब चक्रवात की अब क्या है स्थिति?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, चक्रवात ‘अर्नब’ अब अपने पुराने चक्रवाती स्वरूप में नहीं है. 30 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे तक इसका बचा हुआ हिस्सा उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र के रूप में मौजूद था. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ बना हुआ है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर मौजूद ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण भी इस ट्रफ के साथ मिल गया है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 1 नवंबर को भी बिहार के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. इस दिन उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में एक-दो स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में मौसम शुष्क रह सकता है. वहीं, 2 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद 3 नवंबर से मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 3, 4 और 5 नवंबर को बिहार के सभी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है.

मौसम विभाग की चेतावनी और लोगों के लिए सलाह

31 अक्टूबर के लिए बिहार में मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, विभाग ने बारिश, गरज-चमक और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगर आप खुले में हैं और गरज-चमक या बिजली गिरने की स्थिति बनती है, तो जल्द से जल्द किसी पक्के मकान में शरण लें. इस दौरान ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और बिजली का संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखें. वहीं, भारी बारिश के दौरान ऐसे इलाकों में जाने से बचें, जहां अचानक बाढ़ आने की आशंका हो. तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को भी ध्यान में रखने की जरूरत है.

अनंत सिंह के जेल जाने पर RJD का बड़ा हमला, शक्ति यादव बोले- नीतीश कुमार ने इस्तेमाल किया