बिहार में अप्रैल के पहले हफ्ते के साथ ही मौसम ने पूरी तरह से गर्मी का रुख पकड़ लिया है। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ महसूस हो रहा है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक 4 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. हालांकि राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. लेकिन 5 अप्रैल के बाद से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की शुरुआत हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है. विस्तार से जानिए मौसम की पूरी रिपोर्ट.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों का मौसम हाल
बीते 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम सामान्यतः शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. अधिकतम तापमान 30.3 से 38.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें सबसे ज्यादा तापमान डेहरी (रोहतास), शेखपुरा और कैमूर (भभुआ) में 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 18.4 से 26.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें सबसे कम तापमान मधुबनी के सकरी में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी देखी गई, जबकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ.
4 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
4 अप्रैल को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक कहीं भी व्यापक बारिश की उम्मीद नहीं है. हालांकि दक्षिण-पश्चिम बिहार (रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद) और दक्षिण-मध्य बिहार (नवादा, गया) के कुछ इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे दिन में गर्मी का असर बना रहेगा.
आने वाले दिनों का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. 5 अप्रैल से राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में गरज-चमक और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. 6 अप्रैल को इन इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तूफानी गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि उत्तर और मध्य बिहार में भी असर देखने को मिलेगा. 7 से 9 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.
बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने 5 से 8 अप्रैल के बीच तेज हवा (40-60 किमी/घंटा), मेघगर्जन, वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. इससे जन-जीवन पर असर पड़ सकता है और कच्चे मकानों, झोपड़ियों व अस्थायी संरचनाओं को नुकसान होने की आशंका है. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें. किसानों को भी मौसम सामान्य होने तक कृषि कार्य टालने की सलाह दी गई है.
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद ऐसा चुना जाएगा बिहार का अगला सीएम, आनंद मोहन ने बताई पूरी बात
ADVERTISEMENT


