Bihar Weather Update: बिहार में 4 सितंबर को बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश के साथ आंधी-वज्रपात का अलर्ट!

न्यूज तक डेस्क

• 07:07 PM • 03 Sep 2026

Bihar Weather Update: बिहार में 4 सितंबर को मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जानिए 4 सितंबर का मौसम अपडेट.

Bihar Rain Alert
4 सितंबर को बिहार के 4 जिलों में होगी भारी बारिश(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Google CTA

बिहार में मानसून की गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं. पिछले 24 घंटों में भी बिहार के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्णिया, बांका, भोजपुर और पटना के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है जिसके मुताबिक, 4 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने का अनुमान जताया है. खासतौर पर उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में बारिश की गतिविधियां ज्यादा रह सकती हैं. आइए विस्तार से जानते है मौसम का पूरा अपडेट.

Read more!

4 सितंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?

4 सितंबर को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण शामिल हैं, जबकि उत्तर-मध्य बिहार में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में बारिश हो सकती है.

उत्तर-पूर्व बिहार में सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. दक्षिण-पूर्व बिहार में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में 4 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम पर नजर रखने और बारिश के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

तापमान में कैसा रहेगा बदलाव?

4 सितंबर को बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार में न्यूनतम तापमान 24-28 डिग्री के आसपास रह सकता है. दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री, जबकि दक्षिण-पूर्व बिहार में 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 सितंबर को उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक और वज्रपात के साथ तेज हवा की संभावना है. इस दिन गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट है. 6 और 7 सितंबर को भी उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. 6 सितंबर को किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश की संभावना है.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए. अगर आप बाहर हैं तो जल्द से जल्द किसी पक्के मकान में शरण लें. ऊंचे पेड़, बिजली के खंभों और विद्युत संचालक वस्तुओं से दूरी बनाए रखें. भारी बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में जलजमाव और कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है.

कौन हैं मोनिका मनी, जिन्होंने अब तेज प्रताप पर लगा दिया अभद्रता और फिजिकल अब्यूज का आरोप? जानिए उनका JJD से कनेक्शन