बिहार में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदलते हुए नजर आ रहा है. कभी अचानक बादल छा जाना तो कभी प्रचंड गर्मी ने लोगों को काफी परेशान कर रखा है. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक मौसम एक बार फिर पलटते हुए नजर आ रहा है. IMD के मुताबिक 6 जून को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर जारी रह सकता है. हालांकि बारिश और बादलों की वजह से कुछ इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
6 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 6 जून को बिहार के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कई क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. खासकर उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?
मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है.
इसके अलावा दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में भी तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है. यहां भी हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
वहीं उत्तर-मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी तथा दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और मेघगर्जन की संभावना है.
पटना समेत दक्षिण-मध्य बिहार का हाल
राजधानी पटना और आसपास के जिलों में 6 जून को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. हालांकि बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश के कारण लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और उमस बनी रहने की संभावना है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में गर्मी का असर बरकरार
रोहतास, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इन इलाकों में बारिश की संभावना बहुत सीमित है और गर्मी का असर जारी रह सकता है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
7 और 8 जून को राज्य के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन उत्तर-पूर्व बिहार में मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 9 जून से एक बार फिर राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
Khan Sir Controversy: क्या गिरफ्तार होंगे खान सर? एफआईआर के बाद पटना एसएसपी का बड़ा बयान
ADVERTISEMENT


