Bihar Weather Update: बिहार में ठंड का असर होगा तेज, सुबह कोहरा और रात में बढ़ेगी ठिठुरन, मौसम विभाग ने दिया नया अपडेट

बिहार में नवंबर की विदाई के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है. सुबह कई जिलों में कोहरा छा रहा है और अब रात के तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है. जानिए आपके जिले में कितनी बढ़ेगी ठंड और कब तक ऐसा रहेगा मौसम.

बिहार में तापमान के गिरने का अनुमान
बिहार में तापमान के गिरने का अनुमान
Google CTA

नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही बिहार में ठंड का असर बढ़ने लगा है. सुबह के समय कई जिलों में कोहरा छाने लगा है, वहीं रात के तापमान में भी गिरावट के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर को पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है. अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा.

Read more!

अगले 48 घंटे में 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से 29 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर को बिहार के सभी मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. प्रदेश में कहीं भी बारिश का अनुमान नहीं है. हालांकि, सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों के दौरान बिहार में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. यानी दिन के समय मौसम फिलहाल इसी तरह बना रह सकता है. हालांकि, रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. तापमान में इस गिरावट का असर सुबह और रात के समय महसूस होगा. खासकर सुबह घर से निकलने वाले लोगों को पहले के मुकाबले अधिक ठंड का सामना करना पड़ सकता है.

सुबह के समय छाएगा कोहरा, गया में 800 मीटर रही दृश्यता

बिहार में ठंड बढ़ने के साथ ही सुबह के समय कोहरे का असर भी दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर की सुबह गया जी में हल्के स्तर का कोहरा दर्ज किया गया. इस दौरान वहां न्यूनतम दृश्यता 800 मीटर रिकॉर्ड की गई. ऐसे में सुबह के समय वाहन चलाने और यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.

बिहार में 5 दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं

बारिश को लेकर मौसम विभाग ने फिलहाल कोई संभावना नहीं जताई है. सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक बिहार के सभी मौसम संभागों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है. यानी अगले कई दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रह सकता है. यानी फिलहाल प्रदेश में बारिश, तेज आंधी या किसी गंभीर मौसमी गतिविधि को लेकर अलर्ट नहीं है. हालांकि, सुबह के समय कोहरा और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें: परिसीमन और महिला आरक्षण पर मुकेश सहनी का केंद्र पर हमला, 'सामाजिक न्याय की बलि देकर आरक्षण मंजूर नहीं'