बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से पलट रहा है. चिलचिलाती धूप और गर्मी झेल रहे बिहार वासियों को प्री-मानसून की बारिश ने बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं. विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 30 मई को बिहार के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है, ताकि लोग सतर्क रह सकें.
ADVERTISEMENT
30 मई को कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 30 मई को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की प्रबल संभावना है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार और दक्षिण-मध्य बिहार के अनेक स्थानों पर भी बादल बरसेंगे. जबकि उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के इलाकों में आज मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है. इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
किन जिलों में अलर्ट?
मौसम विभाग ने कटिहार, बांका और भागलपुर जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं जहानाबाद, नालंदा, भोजपुर, खगड़िया और मुंगेर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा पटना, गया, नवादा, लखीसराय, बेगूसराय, जमुई, सहरसा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, समस्तीपुर, गोपालगंज, सारण और सिवान समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है.
इसके अलावा राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व भागों में बारिश के साथ-साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है.
आने वाले दिनों का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक बिहार के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. लेकिन इसके बाद 31 मई से अगले 4 दिनों के दौरान राज्य भर में गर्मी एक बार फिर बढ़ेगी और तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. 31 मई को बांका और भागलपुर में भारी बारिश की संभावना है , जबकि जून की शुरुआत से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क होने लगेगा.
मौसम विभाग की जरूरी चेतावनी और सुझाव
तेज आंधी और भारी बारिश के चलते मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग का कहना है कि आंधी-तूफान और बिजली गिरने से जान-माल का नुकसान हो सकता है.
ADVERTISEMENT


