बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली, जिससे कुछ इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली. वहीं पटना, गया, नवादा, औरंगाबाद और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा. कई जगहों पर दिनभर तेज धूप रही, जबकि शाम के बाद मौसम अचानक बदल गया. अब 28 मई को भी मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा हाल.
ADVERTISEMENT
28 मई का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को बिहार के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है. खासकर उत्तर और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने जिन जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है उसमें अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण शामिल है. इन इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए. किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में दिन में गर्मी लेकिन शाम में बरस सकते हैं बादल!
पटना, गया, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद और नवादा जैसे जिलों में 28 मई को भी गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है. हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. उमस के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 31 मई के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रहेगा. कई जिलों में तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. कुछ इलाकों में तेज आंधी का असर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.
ADVERTISEMENT


