Bihar Weather Update: बिहार में 24 जून को मानसून और हीटवेव का डबल अटैक, उत्तर बिहार में आंधी-बारिश तो दक्षिण में 'लू' का अलर्ट!

Bihar Weather Update: बिहार में 24 जून को मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा. उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना, गया, बक्सर और रोहतास समेत दक्षिण बिहार के जिलों में हीटवेव का खतरा बना हुआ है. जानिए 24 जून से 28 जून तक का मौसम पूर्वानुमान, भारी बारिश वाले जिले और मौसम विभाग की जरूरी सलाह.

Bihar Weather Update
Bihar Weather Update

न्यूज तक डेस्क

follow google news

बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है और इसकी उत्तरी सीमा मोतिहारी से होकर गुजर रही है. इसके बावजूद, राज्य में मौसम का दोहरा प्रभाव देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ उत्तर और पूर्वी बिहार में मानसूनी हवाएं और बारिश राहत लेकर आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में अभी भी भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान पूरे राज्य में मौसम के और अधिक आक्रामक होने की संभावना जताई है.

Read more!

24 जून को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 24 जून को बिहार के मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों (जैसे चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, अररिया और पूर्णिया) में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है. इसके विपरीत, दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, जिससे वहां के निवासियों को सूरज की तीखी तपिश और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा .

जानिए 24 जून को किन जिलों में कौन सा अलर्ट

मौसम विभाग ने 24 जून के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है. उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन (बिजली चमकने) और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. वहीं दूसरी ओर, राज्य के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भाग के जिलों, जिसमें बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा और नवादा शामिल हैं, में कुछ स्थानों पर भीषण हीट वेव चलने की प्रबल आशंका है. इन जिलों के तापमान में अगले 48 घंटों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

आने वाले दिनों में मौसम का हाल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी. 25 जून को हवा की गति बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके बाद, 26 जून को अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, पूर्णिया और सुपौल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. 27 जून को भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसमें पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और पश्चिमी चंपारण भी शामिल हो जाएंगे. वहीं 28 जून को मौसम का सबसे रौद्र रूप देखने को मिल सकता है, जब बेगूसराय और समस्तीपुर में भारी वर्षा, जबकि कटिहार और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर 'अत्यधिक भारी वर्षा' होने का अनुमान व्यक्त किया गया है.

मौसम विभाग की विशेष चेतावनी और सुझाव

बदलते मौसम के खतरों को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है. विभाग ने चेतावनी दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान जान-माल व पशुओं की हानि हो सकती है, इसलिए बिजली कड़कने के समय लोग तुरंत किसी पक्के मकान की शरण लें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाएं. जिन इलाकों में हीट वेव का अलर्ट है, वहां दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या लस्सी पीने तथा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. इसके अलावा, जून के आखिरी दिनों में होने वाली भारी बारिश के मद्देनजर निचले शहरी इलाकों में जलजमाव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि को लेकर भी अलर्ट रहने को कहा गया है.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में हुई बड़ी कार्रवाई, इन पुलिसवालों पर FIR दर्ज

    follow google news