पिछले कुछ दिनों से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. कहीं उमस और तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही और बारिश से राहत मिल रही है. इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है. 21 जून को एक ओर जहां राज्य के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में गर्मी और लू का असर अभी भी बना रह सकता है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी बिहार के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. वहीं मध्य और पश्चिमी बिहार के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है.
बारिश के दौरान अचानक मौसम खराब होने और बिजली गिरने की घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
नवादा और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने नवादा और पश्चिम चंपारण जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है और नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है.
दक्षिण-पश्चिम बिहार में लू का असर जारी
मानसून की गतिविधियों के बावजूद भभुआ (कैमूर), बक्सर और रोहतास जिलों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में हीट वेव यानी लू चलने की आशंका जताई है. दोपहर के समय तापमान अधिक रहने के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचना चाहिए. पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, लस्सी या अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना जरूरी है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.
पटना समेत इन जिलों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है
राजधानी पटना, गया, नालंदा, नवादा, बेगूसराय और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है.
वहीं किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और आसपास के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है. इन इलाकों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है और बारिश की गतिविधियां लोगों को गर्मी से राहत दिला सकती हैं.
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक्शन में आए सीएम सम्राट चौधरी, लिया ये बड़ा फैसला!
ADVERTISEMENT


