बिहार में मौसम अब तेजी से करवट लेने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों तक जहां राज्य का मौसम सामान्य बना हुआ था और दिन के समय धूप की वजह से हल्की गर्मी महसूस की जा रही थी, वहीं अब 20 मार्च को मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज कई जिलों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है. ऐसे में विभाग ने लोगों और किसानों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि मौसम का यह बदलाव अचानक असर दिखा सकता है.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह सामान्य ही बना रहा और कहीं भी बारिश नहीं हुई. हालांकि कुछ इलाकों में सुबह और दिन के समय हल्के-हल्के बादल छाए रहे लेकिन फिर मौसम साफ हो गया. वहीं कुछ इलाकों में सुबह से ही धूप निकली रही. तापमान की बात करें तो राज्य का सबसे अधिक तापमान कैमूर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि 15.6 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इस दिन राज्य के 8 जिलों में बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. इनमें मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और बांका जिले शामिल है. इसके साथ ही गरज-चमक (थंडरस्टॉर्म), वज्रपात और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम के इस बदलते तेवर की वजह से तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है, जिसमें अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को भी राज्य के पूर्वी और मध्य हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवा का असर जारी रह सकता है. 22 मार्च को यह असर मुख्य रूप से उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में देखने को मिल सकता है. इसके बाद 23 मार्च से मौसम फिर से सामान्य और शुष्क होने की संभावना है.
ADVERTISEMENT


