Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों दोतरफा बना हुआ है. यहां एक तरफ दक्षिण-पश्चिमी बिहार के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा एक्टिव है तो दूसरी तरफ मानसूनी हवाओं की हलचल भी तेज हो गई है. इस मौसमी उठापटक के बीच आज यानी 24 मई को बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो विपरीत रूप देखने को मिलेंगे. राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों के जिलों में आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके उलट, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और चिलचिलाती धूप लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी.
ADVERTISEMENT
24 मई को बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 24 मई के लिए राज्य के कई जिलों में आंधी तूफान का येलो और भीषण गर्म का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, आंधी तूफान और भीषण लू का दोहरा अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के अररिया और किशनगंज जिलों में बादल गरजने, आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान है. इसके साथ ही यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कटिहार, पूर्णिया और सुपौल जिलों में भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है. वहीं दूसरी तरफ, दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर और रोहतास में मौसम विभाग ने लू चलने का अलर्ट जारी किया है.
बिहार में तापमान का पूर्वानुमान
बिहार में इस समय गर्मी का सितम भी जारी पर है और पारा लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है. 24 मई को तापमान के पूर्वानुमान की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों (बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल) और दक्षिण-मध्य बिहार (पटना, गया, नालंदा, नवादा, जहानाबाद आदि) में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है, जिससे यहां का माहौल बेहद गर्म रहेगा. वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस भीषण गर्मी और लू के कारण लोगों को हीट स्ट्रोक, तेज सिरदर्द, कमजोरी और चक्कर आने जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. इससे बचाव के लिए दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बेवजह बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी या ओआरएस घोल पीने और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
देखें कहां जारी हुआ ऑरेंज अर्लट
- कैमूर / भभुआ
- रोहतास
- औरंगाबाद
- बक्सर
इन जिलों में आंधी तूफान का अलर्ट
- सुपौल
- अररिया
- किशनगंज
- पूर्णिया
- कटिहार
आने वाले दिनों बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में बिहार के निवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट दर्ज की जा सकती है. 25 मई को अरवल, औरंगाबाद, भभुआ, गया और रोहतास जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी. इसके बाद 26 मई को मौसम में बड़ा बदलाव आएगा, जब पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार समेत उत्तर-पश्चिम व उत्तर-मध्य के अधिकांश जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और वज्रपात की संभावना है, जबकि अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में इस दौरान भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है.
ADVERTISEMENT


