Bihar Weather Forecast: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही ने लोगों को तपती धूप से थोड़ी राहत दी है. पिछले 24 घंटों के दौरान पटना, गया और नवादा जैसे जिलों में हुई हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्री-मानसून सीजन की ये सक्रियता आज भी राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल सकती है. चिलचिलाती गर्मी के बीच आसमान में छाए बादल और चलने वाली ठंडी हवाएं आम लोगों के लिए सुकून भरा संकेत लेकर आई हैं.
ADVERTISEMENT
बिहार में 6 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
आज यानी 6 अप्रैल के माैसम की बता करें तो आज कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के भी संकेत दिए गए हैं. ऐसे में प्रदेश में आज कुछ जिलों में येलो और कुछ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने जिन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया वहां ओले गिरने की संभावना जताई गई है. इसमें बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर शामिल हैं.
इसके अलावा पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, राजधानी पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यानी इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है.
वहीं बारिश की बात करें तो आज बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. हालांकि भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, जमुई, बांका, मुंगेर, भागलपुर और खगड़िया में तेज बारिश होने की संभावना है.
बिहार में तापमान की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान में स्थिरता बनी हुई है. प्रदेश का न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे सुबह और रात के समय मौसम सुहावना रहेगा. अधिकतम तापमान की बात करें तो यह 32.7 डिग्री सेल्सियस से 38.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि वज्रपात (बिजली गिरने) और मेघ गर्जन के समय लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम की बात करें तो इसमें उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है. 7 और 8 अप्रैल को बक्सर, भोजपुर, भभुआ और अरवल सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश के हाेनी की संभावना है. 9 अप्रैल के बाद से मौसम के एक बार फिर शुष्क होने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया गया है.
ADVERTISEMENT


