Bihar Weather Update: बिहार के लोगों के लिए आने वाले कुछ दिन भारी पड़ सकते हैं. मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के सभी जिलों में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी कर दिया है. पिछले कुछ घंटों में राज्य के अलग-अलग इलाकों में हुई ओलावृष्टि और आंधी ने न केवल फसलों को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि कुछ लोगों की जान जाने की भी दुखद खबर है.
ADVERTISEMENT
सभी जिलों में 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, आज बिहार के सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) को लेकर भी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में होगी भारी बारिश
राज्य के लगभग सभी प्रमुख जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें शामिल हैं:
- उत्तर बिहार: पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज.
- सीमांचल और पूर्वी बिहार: पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, खगड़िया.
- मध्य और दक्षिण बिहार: राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, औरंगाबाद और नवादा.
4 मई तक राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग की मानें तो बारिश और आंधी का यह सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है. 3 मई और 4 मई को भी बिहार के अधिकांश जिलों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा. 3 मई के लिए भी 'येलो अलर्ट' बरकरार रखा गया है, जिसका मतलब है कि तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश जारी रहेगी.
सावधानी बरतें: मौसम खराब होने की स्थिति में लोगों को पक्के मकानों में शरण लेने और बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे न खड़े होने की अपील की गई है.
ADVERTISEMENT


