बिहार उपचुनाव में बीजेपी का बड़ा दांव, बांकीपुर सीट से ऐन वक्त पर बदला उम्मीदवार, अब नीरज कुमार सिन्हा को मिला टिकट

न्यूज तक डेस्क

10 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 10 2026 6:43 PM)

BJP Changes Candidate Bankipur: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर ऐन मौके पर अपना उम्मीदवार बदलते हुए इन्हें टिकट दिया है.

नीरज कुमार सिन्हा
नीरज कुमार सिन्हा
Google CTA

BJP Changes Candidate Bankipur: बिहार विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर बीजेपी की तरफ से एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. बीजेपी ने बिहार की सबसे वीआईपी सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा सीट पर अपना उम्मीदवार अचानक बदल दिया है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अब इस सीट से नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार बनाया है. इस बारे में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के दस्तखत के साथ एक ऑफिशियल लेटर भी जारी कर दिया गया है. 

Read more!

दरअसल, इसी सीट पर 3 दिन पहले ही बीजेपी के टिकट पर अभिषेक कुमार सिन्हा ने पर्चा भरा था. लेकिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अचानक उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है. जिसके तुरंत बाद एक्शन में आई बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया दांव बनाते हुए मैदान में उतार दिया है.

आपको बता दें कि ये सीट बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन नबीन के राज्यसभा सांसद चुने जाने और उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. इस हाई-प्रोफाइल सीट पर मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक होने वाला है क्योंकि एक तरफ जहां जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने खुद यहां से ताल ठोकने का ऐलान कर दिया है. तो वहीं दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है, जिन्होंने साल 2005 के चुनाव में नितिन नबीन के खिलाफ लड़ते हुए करीब 47 हजार वोट बटोरे थे. 

कौन हैं नीरज कुमार सिन्हा 

1 जुलाई 1994 को पटना की धरती पर जन्मे नीरज कुमार सिन्हा अभी सिर्फ 32 साल के हैं. उन्होंने बीए तक पढ़ाई की है. नीरज के भीतर राजनीति और संगठन का जज्बा बचपन से ही कूट-कूट कर भरा था. यही वजह है कि साल 2006 में जब वह महज 12 साल के थे तभी उन्होंने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ले ली थी. तब से लेकर आज तक वह लगातार बिना थके पार्टी के लिए जमीन पर काम कर रहे हैं. वर्तमान में वह अविवाहित हैं और उनका पूरा ध्यान अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन पर है. 

बूथ अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तक का सफर

नीरज को यह टिकट किसी सिफारिश पर नहीं बल्कि संगठन में उनकी सालों की तपस्या के दम पर मिला है. पटना के मीठापुर इलाके के रहने वाले नीरज ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत बेहद जमीनी स्तर से की थी. उन्होंने पार्टी में सबसे पहले बूथ अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद वह मंडल महामंत्री बने. युवाओं को एकजुट करने के लिए उन्होंने भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के जिला उपाध्यक्ष के रूप में भी शानदार काम किया. संगठन में उनके मजबूत काम को देखते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार नरेंद्र भारती मंडल का मंडल अध्यक्ष बनाया गया, जिस पद पर वह आज भी कार्यरत हैं.

ये भी पढ़ें: Bankipur By-Election: क्या प्रशांत किशोर के लिए प्रचार करेंगे थलपति विजय? PK ने खुद खोला राज