बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के चौथे चरण (TRE 4.0) को लेकर अभ्यर्थियों के मन में उठ रहे तमाम सवालों और संशयों पर विराम लगा दिया है. आयोग के एग्जामिनेशन कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा पैटर्न, नेगेटिव मार्किंग, भाषा माध्यम और कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है.
ADVERTISEMENT
दो स्टेज में ही होगी TRE 4 परीक्षा
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि TRE 4 की परीक्षा दो चरणों (Two Stages) में ही आयोजित की जाएगी. उन्होंने तर्क दिया कि देश के कई प्रमुख राज्यों (जैसे उत्तर प्रदेश और हरियाणा) तथा विभिन्न भर्ती आयोगों में भी परीक्षाएं दो स्टेज में होती हैं. इसके अलावा, परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की ओर से दिए गए सुझावों को ध्यान में रखते हुए आयोग ने इसे दो चरणों में कराने का फैसला लिया है.
नेगेटिव मार्किंग को लेकर स्थिति साफ
नेगेटिव मार्किंग पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए आयोग ने कहा कि बीपीएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी वस्तुनिष्ठ (Objective) परीक्षाओं में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान लागू रहता है. यह नियम किसी एक अभ्यर्थी के लिए नहीं, बल्कि सभी परीक्षार्थियों पर समान रूप से लागू होता है, इसलिए इससे किसी को नुकसान नहीं है.
हिंदी vs अंग्रेजी माध्यम विवाद: आयोग ने खारिज किए आरोप
कुछ हलकों से यह आरोप लगाए जा रहे थे कि अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों को अधिक और हिंदी माध्यम वालों को कम अंक दिए जा रहे हैं. बीपीएससी ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि आवेदन फॉर्म भरते समय आयोग अभ्यर्थियों से परीक्षा के माध्यम (भाषा) का विकल्प ही नहीं मांगता. जब आयोग के पास ऐसा कोई डेटा ही उपलब्ध नहीं है कि किस अभ्यर्थी ने किस भाषा में उत्तर लिखा है, तो भाषा के आधार पर भेदभाव का सवाल ही पैदा नहीं होता.
60% से अधिक अंक पाने वालों की कॉपी री-चेक
कॉपियों के मूल्यांकन पर उठे विवाद पर आयोग ने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को 60 फीसदी से अधिक अंक मिलते हैं, तो नियम के तहत उसकी कॉपी की दोबारा जांच (Re-verification) की जाती है. आयोग ने साफ किया कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि किसी को 60% से ज्यादा नंबर दिए ही नहीं जाते, बल्कि यह केवल पारदर्शिता सुनिश्चित करने की एक मानक प्रक्रिया है.
कब होगी TRE 4 परीक्षा?
BPSC ने फिलहाल परीक्षा की सटीक तारीखों की घोषणा नहीं की है. आयोग के अनुसार, आवेदनों की कुल संख्या के आधार पर शेड्यूल तय किया जाएगा. यदि 5 लाख तक आवेदन हुए तो परीक्षा 1 दिन में कराई जा सकती है. यदि 5 लाख से अधिक आवेदन हुए तो परीक्षा 2 से 3 दिनों में आयोजित होगी. आयोग के मुताबिक, अक्टूबर में TRE 4 परीक्षा की तारीखों का ऐलान हो सकता है, जबकि परीक्षा का आयोजन नवंबर या दिसंबर में होने की प्रबल संभावना है.
ADVERTISEMENT


