मौत के बाद भी नहीं मिला सुकून! बक्सर में शव को घसीटकर पोस्टमार्टम हाउस ले जाने का VIDEO VIRAL

बक्सर सदर अस्पताल में अज्ञात शव को घसीटकर पोस्टमार्टम हाउस ले जाने का वीडियो सामने आया है. शव रेलवे क्षेत्र में मिला था. घटना के बाद व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Buxar News
सांकेतिक तस्वीर
Google CTA

बक्सर: बिहार के बक्सर सदर अस्पताल से सामने आया एक तस्वीर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. वीडियो में एक अज्ञात शव को कफन में लपेटकर पोस्टमार्टम हाउस तक घसीटकर ले जाते हुए देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि यह शव रेलवे ट्रैक के पास मिला था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया था. तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल में शवों को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, शव को ले जाने वाले व्यक्ति ने सफाई देते हुए कहा कि उस समय वह अकेला था और शव को उठाकर ले जाने के लिए पर्याप्त सहयोगी मौजूद नहीं थे.

Read more!

रेलवे के पास मिला था अज्ञात शव

जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को रेलवे पैदल पुल के पास एक अज्ञात शव मिला था. इसके बाद जीआरपी की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी से जुड़े व्यक्ति ने शव को रिक्शे से उतारकर अस्पताल परिसर में रखा. इसके बाद कफन में लिपटे शव को घसीटते हुए पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाया गया. इसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया.

'अकेला था, इसलिए शव को इस तरह ले जाना पड़ा'

शव को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने वाले बिहारी कुमार ने बताया कि एक शव को उठाने के लिए कई लोगों की जरूरत होती है. उनका कहना था कि उस समय वह अकेले काम कर रहे थे और उनके साथ सहयोग करने वाला कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था. उनके मुताबिक, इसी वजह से उन्हें शव को इस तरह पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाना पड़ा. उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास उस समय शव को ले जाने का दूसरा विकल्प नहीं था.

जीआरपी ने क्या कहा?

इस मामले में जीआरपी से सवाल किए जाने पर बताया गया कि बिहारी कुमार शवों को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचाने का काम करते हैं. रेलवे क्षेत्र में मिलने वाले अज्ञात शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाता है. हालांकि, सामने आए वीडियो के बाद शवों को पोस्टमार्टम हाउस तक ले जाने की व्यवस्था और पर्याप्त कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

वीडियो के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

किसी मृत व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की प्रक्रिया में भी सम्मानजनक और व्यवस्थित व्यवस्था की जरूरत होती है. बक्सर से सामने आया यह वीडियो इसी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर शव को उठाकर ले जाने के लिए पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध नहीं थे तो ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल या संबंधित विभाग की ओर से क्या व्यवस्था थी?फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद इस मामले में जिम्मेदारी और व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. संबंधित विभाग की ओर से इस घटना पर आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी.