बक्सर के डुमरांव में छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने और ऑडियो के जरिए धमकी देने के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दोनों शिक्षकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. बर्खास्त किए गए शिक्षकों में डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहिर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय के सहायक शिक्षक विरेन्द्र प्रसाद और विद्यालय अध्यापक अरविन्द कुमार शामिल हैं.
ADVERTISEMENT
2 सितंबर को किया गया था निलंबित
मामला सामने आने के बाद दोनों शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी. 2 सितंबर को दोनों को निलंबित कर दिया गया था. इसके अगले दिन यानी 3 सितंबर को आरोप पत्र गठित कर विभागीय जांच शुरू की गई. डुमरांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई शुरू हुई थी. जांच के दौरान दोनों शिक्षकों पर लगाए गए आरोपों की पड़ताल की गई.
जांच में आरोप सही पाए गए
विभागीय जांच में दोनों शिक्षकों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए. जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुशासनिक प्राधिकार ने पूरे मामले की समीक्षा की. इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 14 (XI) के तहत दोनों शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया गया. 21 सितंबर को दोनों की बर्खास्तगी की कार्रवाई पूरी की गई.
पॉक्सो एक्ट के तहत केस का निर्देश
घटना के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बक्सर के डीएम और एसपी को दोनों आरोपित शिक्षकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था. साथ ही गिरफ्तारी के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए स्पीडी ट्रायल कराने के निर्देश दिए गए थे. बर्खास्तगी के बाद दोनों शिक्षक भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी में नियुक्ति के लिए अयोग्य होंगे.
शिक्षा मंत्री ने कहा- बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र मर्यादा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाले लोगों के प्रति भविष्य में भी कोई नरमी नहीं बरती जाएगी. राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा. दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT


