उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा सियासी बयान दिया. उन्होंने साफ किया कि अगर उत्तर प्रदेश में दूसरी पार्टियों के साथ सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है, तो उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. चिराग पासवान ने यह बात वाराणसी में आयोजित नवसंकल्प महासभा के दौरान कही थी. अब इसको लेकर योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई है.
ADVERTISEMENT
चिराग के बयान पर योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
चिराग पासवान के इस ऐलान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतिक्रिया दी है. चिराग के बयान पर योगी ने कहा कि चिराग पासवान हमारे सहयोगी हैं और वे अकेले भी 403 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी, तब इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी. योगी के इस बयान को चिराग पासवान के ऐलान पर एनडीए की ओर से आई प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.
NDA में सीटों को लेकर अभी से शुरू हुई चर्चा
चिराग पासवान के यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहने के बाद एनडीए के अन्य सहयोगियों की ओर से भी सवाल और आपत्तियां सामने आई हैं. उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अभी दूर है, लेकिन सीटों के बंटवारे और गठबंधन की रणनीति को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है. ऐसे में योगी आदित्यनाथ का यह कहना कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने पर बातचीत होगी, फिलहाल गठबंधन के भीतर इस मुद्दे पर आगे की चर्चा का संकेत देता है.
यूपी में चिराग पासवान की रणनीति पर नजर
चिराग पासवान केंद्र और बिहार में एनडीए के साथ सरकार में हैं, जबकि उनकी पार्टी झारखंड में भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ चुकी है. दूसरी ओर, नागालैंड में पार्टी के दो विधायक बिना गठबंधन के चुनाव जीत चुके हैं. अब उत्तर प्रदेश में चिराग पासवान की पार्टी किस रणनीति के साथ आगे बढ़ती है, यह देखना दिलचस्प होगा. फिलहाल चिराग ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखा है, जबकि योगी आदित्यनाथ ने इस पर अंतिम बातचीत चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के समय करने की बात कही है.
ADVERTISEMENT


