बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक कार्यक्रम का वीडियो चर्चा में है. मामला नीतीश सेतु के निरीक्षण से जुड़ा है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ स्वास्थ्य मंत्री और वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे. निरीक्षण के बाद जब मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने निशांत कुमार को आगे आने से रोक दिया. इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री से बात करने के लिए आगे बढ़े थे निशांत कुमार
वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मीडिया से बातचीत कर रहे हैं. इसी दौरान निशांत कुमार उनकी तरफ बढ़ते हैं और कुछ कहने की कोशिश करते हैं. लेकिन मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी उन्हें आगे बढ़ने से रोक देता है और पीछे की ओर कर देता है. इसके बाद निशांत कुमार दूसरी तरफ चले जाते हैं. वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षाकर्मी के व्यवहार और मुख्यमंत्री के साथ मौजूद एक कैबिनेट मंत्री को रोके जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
RJD ने बीजेपी को घेरा, मंत्री के सम्मान पर उठाए सवाल
इस घटना को लेकर आरजेडी ने बीजेपी पर निशाना साधा है. पार्टी की ओर से सवाल उठाया गया कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति बीजेपी का सम्मान किस तरह का है. आरजेडी ने कहा कि मुख्यमंत्री के सुरक्षा गार्ड ने जिस तरह निशांत कुमार को धक्का दिया, उससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है. पार्टी ने जेडीयू नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के साथ इसी तरह का व्यवहार किया जाएगा?
नीरज कुमार बोले- सुरक्षाकर्मी का व्यवहार अक्षम्य अपराध
विवाद बढ़ने के बाद जेडीयू की प्रतिक्रिया भी सामने आई. जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और मुख्यमंत्री के साथ निरीक्षण में गए थे. ऐसे में अगर सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया है तो यह अक्षम्य अपराध है. उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस को इस पूरे मामले पर संज्ञान लेना चाहिए.
पुलिस मुख्यालय से कार्रवाई की उम्मीद: नीरज कुमार
नीरज कुमार ने इस मामले में विपक्ष के सवाल उठाने के अधिकार पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि विपक्ष को सवाल उठाने का अधिकार नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री के साथ वैशाली के प्रभारी मंत्री के रूप में गए निशांत कुमार के साथ सुरक्षाकर्मी का ऐसा व्यवहार बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस मुख्यालय इस मामले को गंभीरता से देखेगा.
रोहिणी आचार्य ने भी नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ा मामला
इस विवाद पर रोहिणी आचार्य ने भी सवाल उठाए. उन्होंने इस घटनाक्रम को नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़कर देखा. दरअसल, जिस नीतीश सेतु का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी निरीक्षण करने पहुंचे थे, उसका नाम नीतीश कुमार के नाम पर है. ऐसे में उनके बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
निशांत कुमार के साथ हुए व्यवहार पर सियासी घमासान
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर बिहार की सियासत में चर्चा जारी है. आरजेडी ने बीजेपी को घेरा है, जबकि जेडीयू के एमएलसी नीरज कुमार ने सरकार और पुलिस मुख्यालय से मामले में संज्ञान लेने की मांग की है. अब देखना होगा कि इस घटनाक्रम पर सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या सुरक्षाकर्मी के व्यवहार को लेकर कोई कार्रवाई की जाती है.
ADVERTISEMENT


