Pappu Yadav controversy: पप्पू यादव पर दर्ज हुई शिकायत, लखनऊ में भारी बवाल

सैय्यद अलमदार हुसैन रिजवी

01 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 1 2026 1:17 PM)

संसद में भगवा पहनकर प्रदर्शन करने पर सांसद पप्पू यादव के खिलाफ जहांगीरपुरी थाने में शिकायत दर्ज. लखनऊ में विश्व हिंदू रक्षा परिषद का बवाल.

Pappu Yadav
Pappu Yadav
Google CTA

संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में साधु के भेष में किए गए अनोखे प्रदर्शन को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. भगवा वस्त्र धारण कर और हाथ में दान पात्र लेकर किए गए इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन को सनातन धर्म का अपमान बताते हुए दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में पप्पू यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिंदू संगठनों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

Read more!

जहांगीरपुरी थाने में शिकायत, लीगल ओपिनियन लेगी पुलिस

दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र पहनकर चोर की भूमिका निभाई, जिससे सनातन समाज और संत समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान दान पात्र में जूते पहनकर पैसे डालने और उसे छीनने का प्रतीकात्मक नाटक किया गया, जो हिंदू आस्था का सरासर अपमान है. इस शिकायत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा सांसद डिंपल यादव और अवधेश प्रसाद समेत अन्य नेताओं के भी इस मंचन में शामिल होने का उल्लेख करते हुए सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के डीसीपी ने बताया कि शिकायत शुक्रवार रात थाने में प्राप्त हुई है. पुलिस इस पूरे मामले पर कानूनी सलाह ले रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

लखनऊ में सड़कों पर उतरा विश्व हिंदू रक्षा परिषद

दूसरी ओर, इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने पप्पू यादव के इस रूप को सनातन का अपमान करार दिया है. संगठन ने ऐलान किया है कि शनिवार को लखनऊ स्थित कार्यालय पर सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा.

क्या था पूरा मामला?

गौरतलब है कि शुक्रवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर और हाथ में दान पात्र लेकर संसद परिसर पहुंचे थे. उन्होंने बीजेपी पर मंदिर के चढ़ावे और चंदे में चोरी का आरोप लगाते हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया था. हालांकि, अब इस प्रदर्शन पर राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही मोर्चों पर बवाल बढ़ता नजर आ रहा है.