'बिहारी लूटकर मकान बना रहे हैं...', दिल्ली पुलिस के हवलदार ने खगड़िया के युवक के सीने में सटाकर मारी गोली, मचा बवाल

Bihar Youth Shot Dead: दिल्ली के जाफरपुर कला इलाके में बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या के आरोप ने सनसनी फैला दी है. आरोप है कि दिल्ली पुलिस के एक हवलदार ने 'बिहारी' पहचान सुनते ही विवाद किया और सीने में गोली मार दी. इस घटना के बाद भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की तीखी प्रतिक्रिया ने मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है.

Bihar Youth Shot Dead
Bihar Youth Shot Dead

ऋचा शर्मा

follow google news

देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज क्षेत्रीय पहचान यानी 'बिहारी' होने के कारण एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. द्वारका जिला स्थित जाफरपुर कला इलाके में दिल्ली पुलिस के एक हवलदार पर आरोप है कि उसने नशे की हालत में एक युवक को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह बिहार का रहने वाला था. इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

घटना शनिवार आधी रात की है. मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के निवासी 23 वर्षीय पांडव कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में जोमैटो डिलीवरी बॉय का काम करता था. पांडव अपने दोस्तों के साथ जाफरपुर कला में एक दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी में गया था. देर रात करीब 2:00 बजे जब पार्टी खत्म कर करीब 20 लोग सड़क पर आए, तभी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हवलदार नीरज वहां पहुंचा.

'बिहारी' पहचान सुनते ही आग बबूला हुआ हवलदार

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के परिजनों के मुताबिक, नशे में धुत हवलदार नीरज ने सड़क पर खड़े लड़कों से उनकी पहचान पूछी. जैसे ही पांडव ने बताया कि वह बिहार का रहने वाला है, नीरज ने गंदी गालियां देना शुरू कर दिया. उसने कहा, 'बिहारी लूटकर मकान बनाए जा रहे हैं और मेरे पास 2 फुट जगह नहीं है.' इसी दौरान उसने अपनी पिस्टल निकाली और पांडव के सीने से सटाकर गोली चला दी. गोली पांडव के सीने को चीरती हुई उसके पीछे बैठे दोस्त कृष्ण के पेट में जा लगी. पांडव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्ण अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.

आरोपी हवलदार फरार, परिजनों में भारी आक्रोश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवलदार नीरज मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि नीरज मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात है. पांडव की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविवार सुबह गुस्साए परिजनों ने जाफरपुर कला थाने का घेराव किया और आरोपी को फांसी देने की मांग की. परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में लीपापोती करने की कोशिश कर रही है.

खेसारी लाल यादव का फूटा गुस्सा

इस घटना पर भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सरकार और सिस्टम पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में बिहारी वोटर्स के बिना कोई सांसद या विधायक नहीं जीत सकता, लेकिन बिहारी की हत्या पर सबकी बोलती बंद है. उन्होंने समाज में फैलती नफरत और क्षेत्रीय आधार पर हो रहे भेदभाव पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि अगर बिहारी एक दिन की हड़ताल कर दें, तो दिल्ली का एक इंच खिसकना मुश्किल हो जाएगा.

पुलिस की कार्यवाही और उठते सवाल

घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है. हालांकि, इस घटना ने राजधानी में कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या अब पहचान ही जान की दुश्मन बन चुकी है? क्या कानून के रखवाले ही भक्षक बन गए हैं? 

यहां देखें वीडियो

घर में कल आनी है बारात, आज नगर निगम ने थमाया मकान तोड़ने का नोटिस'...पटना में बुलडोजर एक्शन का खौफ

    follow google news