दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के नजदीक आते ही बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में कंफर्म टिकट पाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है. 13 सितंबर को जब 12 नवंबर तक की यात्रा के लिए जैसे ही रिजर्वेशन विंडो खुली, यात्रियों की भारी भीड़ ने एक साथ टिकट्स बुक करने की कोशिश की. सुबह 8 बजे बुकिंग शुरू होते ही आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट और ऐप पर अचानक भारी ट्रैफिक आ गया, जिसके कारण कई यात्रियों को 'हाई सिस्टम लोड एरर' और सीट उपलब्ध न होने पर 'रिग्रेट' (Regret) जैसे संदेशों का सामना करना पड़ा. टिकट न मिलने से निराश कई यात्रियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मुश्किलें साझा कीं, जिसके बाद रेलवे ने इस समस्या से पार पाने और यात्रियों का सफर आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.
ADVERTISEMENT
टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए अपनाएं ये स्मार्ट टिप्स
त्योहारी सीजन में जब ट्रेनों में सीटों की मांग सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ जाती है, तब कुछ खास रणनीतियों को अपनाकर टिकट मिलने की संभावना को काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है. रेलवे और जानकारों के अनुसार, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे रिजर्वेशन खुलने के समय पर एकदम से जुटने के बजाय पहले से ही अपने IRCTC अकाउंट में लॉगिन करके पूरी तैयारी के साथ तैयार रहें. साथ ही मास्टर लिस्ट पहले से बना लें, जहां अपना नाम, उम्र आदि जरूरी डिटेल्स भरकर रखें.
साथ ही यूपीआई या नेट बैंकिंग से पेमेंट करने के बजाय IRCTC e-wallet में पैसे एड करके रखें, ताकि आसानी से पेमेंट हो सकें और टिकट मिलें. इसके अलावा यात्रा की तारीख, सही स्टेशन और ट्रेन का पूरा विवरण पहले से ही नोट करके रखना चाहिए ताकि बुकिंग के वक्त कीमती समय बर्बाद न हो. सबसे जरूरी बात यह है कि केवल एक ही मुख्य ट्रेन पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय, वैकल्पिक ट्रेनों और आसपास के अन्य स्टेशनों के विकल्पों को भी तलाशना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. IRCTC से टिकट बुक करते समय अगर आपकी टिकट वेटिंग में रह जाती है तो 'विकल्प' ऑप्शन को जरूर चुनें. इससे अगर आपकी टिकट कंफर्म नहीं होती है और उसी रूट के किसी ट्रेन में सीट खाली रहती हैं तो आपका टिकट कंफर्म हो सकता है.
रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें
यदि सामान्य कोटे की ट्रेनों में टिकट मिलने में लगातार दिक्कत आ रही है, तो यात्रियों के लिए रेलवे द्वारा विशेष रूप से घोषित की गई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता चेक करना सबसे बेहतरीन विकल्प है. रेलवे ने दिल्ली, आनंद विहार और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख शहरों से बिहार के विभिन्न जिलों के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है. इन प्रमुख विशेष ट्रेनों में आनंद विहार से लौकाहा बाजार (04014/04013), आनंद विहार से पाटलिपुत्र (04096/04095), आनंद विहार से मुजफ्फरपुर (04028/04027), दिल्ली से सीतामढ़ी (04010/04009), चंडीगढ़ से पटना (04512/04511) और फिरोजपुर कैंट से पटना (04616/04615) जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं जो तय तारीखों और शेड्यूल के मुताबिक फेरे लगा रही हैं.
आने वाले दिनों में और आसान हो सकता है सफर
त्योहारों के इस सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ और लगातार बढ़ती मांग को पूरी तरह ध्यान में रखते हुए रेलवे आने वाले दिनों में कुछ और नई स्पेशल ट्रेनों के ऐलान करने पर भी विचार कर रहा है. ऐसे में यदि यात्री थोड़ी सूझबूझ दिखाते हुए सही समय पर प्लानिंग करें, वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करें और रेलवे की स्पेशल ट्रेनों के विकल्पों पर नजर बनाए रखें, तो वे इस दिवाली और छठ पर अपने घर बिहार आसानी से पहुंच सकते हैं.
यहां देखें वीडियो
दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें
ADVERTISEMENT


