बिहार के गया जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक ऐसा सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां के बेलागंज इलाके में सात फेरों का पवित्र बंधन महज कुछ ही घंटों में एक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म की तरह बदल गया. राजस्थान से बड़े ही अरमानों के साथ बिहार ब्याह रचाने आए एक दूल्हे और उसके परिवार को शादी के तुरंत बाद ही ऐसा चूना लगा कि सुबह विदाई की जगह उन्हें पुलिस के पास गुहार लगाने जाना पड़ा. शादी के महज 3 घंटे के भीतर ही दुल्हन, बिचौलिए और नकली ससुराल वाले सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए.
ADVERTISEMENT
राजस्थान से बारात लेकर बिहार पहुंचा था दूल्हा
यह पूरा मामला गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का है. पीड़ित दूल्हे की पहचान राजस्थान के टोंक निवासी गणेश साव के रूप में हुई है. गणेश साव के परिजनों के मुताबिक, वे अपनी शादी की उम्मीदें लेकर राजस्थान से बिहार पहुंचे थे. दरअसल, एक बिचौलिया महिला ने उन्हें लड़की की फोटो दिखाई थी और रिश्ता तय कराया था. इसके बाद दूल्हा पक्ष ने शादी की पूरी तैयारियां कीं और रीति-रिवाजों के लिए सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, नए कपड़े और शगुन के नगद रुपयों तक की पूरी व्यवस्था कर दी. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि वे एक सुनियोजित ठगी के जाल में फंसने जा रहे हैं.
'एक्सप्रेस मोड' में कराई गई शादी, दिया ये बहाना
दूल्हे के बड़े भाई ने बताया कि जब वे लोग बेलागंज के दरियापुर गांव पहुंचे, तो वहां का माहौल काफी अजीब था. लड़की पक्ष के लोगों ने उन्हें न तो चाय पिलाई और न ही कोई नाश्ता कराया. आते ही उन्होंने शादी की रस्में तुरंत शुरू करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. लड़की वालों का कहना था कि 'जल्दी-जल्दी शादी कर लो, नहीं तो अगर पूरा गांव जाग गया तो आपको भी दिक्कत होगी और हमें भी दिक्कत हो जाएगी.' इस डर और जल्दबाजी के माहौल में दूल्हा पक्ष ने उनकी बात मान ली और महज एक घंटे के भीतर ही 'एक्सप्रेस मोड' में शादी की सारी रस्में और फेरे पूरे कर दिए गए.
कपड़े बदलने के बहाने कमरे में गई दुल्हन और फिर...
शादी संपन्न होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष से कहा कि दुल्हन ने काफी भारी जोड़ा पहन रखा है, इसलिए उसे थोड़ी देर आराम करने और कपड़े बदलने के लिए कमरे में भेज देते हैं. उन्होंने दूल्हे के परिवार को बाहर गाड़ी में या निर्धारित स्थान पर आराम करने को कहा. दूल्हे के परिजनों ने इस पर भरोसा कर लिया और वे बाहर बैठकर दुल्हन के वापस आने का इंतजार करने लगे. इस बीच दूल्हा पक्ष की तरफ से चढ़ाया गया सोने-चांदी का सारा सामान और शगुन के तौर पर दिए गए ₹11,000 भी दुल्हन के पास ही थे.
सुबह दरवाजे पर लटकता मिला ताला, पुलिस में शिकायत
जब काफी देर तक दुल्हन कमरे से बाहर नहीं आई, तो दूल्हे के भाई ने भाभी को अंदर देखने के लिए भेजा. जैसे ही वह कमरे के अंदर गईं, वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे के अंदर कोई नहीं था और पीछे के रास्ते से दुल्हन, बिचौलिया और बाकी सभी लोग गायब हो चुके थे.
सुबह जब पीड़ित परिवार लड़की के घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचा, तो वहां बड़ा सा ताला लटक रहा था. आसपास के लोगों से पूछताछ करने और काफी खोजबीन करने के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चला. इस बड़ी ठगी के बाद पीड़ित परिवार ने बेलागंज पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. आशंका जताई जा रही है कि यह किसी संगठित शादी गिरोह (मैरिज गैंग) का काम हो सकता है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


