गया स्टेशन पर फिर पकड़ी गई गांजे की बड़ी खेप, लेकिन तस्करी के इस खेल की कहानी अलग ही है!

पंकज कुमार

• 02:10 PM • 17 Sep 2026

Gaya Ganja Smuggling Case: गया जंक्शन पर भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 17 किलो 749 ग्राम गांजा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करीब 8 लाख 87 हजार 450 रुपये है. पटना सिटी निवासी मनोज कुमार वर्णवाल ट्रेन के कोच नंबर 9 की बर्थ 21 पर यात्रा कर रहा था, जहां गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे पुलिस ने उसके ट्रॉली बैग और हैंड बैग की तलाशी ली.

Gaya Ganja Smuggling New Case
Gaya Ganja Smuggling New Case
Google CTA

बिहार से इन दिनों लगातार ट्रेन से नशे की सामान के तस्करी का मामला सामने आ रहा है. समस्तीपुर स्टेशन से 75 लीटर शराब के साथ पकड़ी गई नेहा झा का मामला पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि गया जंक्शन से एक युवती को गांजा की बड़ी खेप के साथ पकड़ी गई. अब एक बार फिर गया स्टेशन से गांजा की बड़ी खेप पकड़ाने की कहानी सामने आई है, जिसमें पुलिस ने इस बार एक युवक को गिरफ्तार किया है. गौर करने वाली बात यह है कि तीनों ही तस्कर ट्रेन के माध्यम से नशा तस्करी का काला धंधा कर रहे थे. आइए विस्तार से जानते गया से सामने आए तस्करी के इस नए खेल की पूरी कहानी.

Read more!

तेजस राजधानी से पकड़ा गया युवक

बिहार के अलग-अलग स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और तस्कर को पकड़ने के लिए रेलवे पुलिस लगातार गश्ती और निगरानी कर रही है. इसी बीच रेलवे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से एक युवक कुछ संदिग्ध सामान लेकर यात्रा कर रहा है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक्शन लिया. जैसे ही भुवनेश्वर तेजस राजधानी गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची तो उन्होंने कोच नंबर-9 के बर्थ 21 पर बैठे यात्री से पूछताछ की.

यात्रा से पूछताछ के दौरान रेलवे पुलिस का शक और गहरा गया. फिर उन्होंने शख्स के पास मौजूद ट्रॉली बैग और हैंड बैग की तलाशी लेनी शुरू कर दी. जैसे ही शख्स का बैग खोला गया तो उसमें से गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन कराने पर वह 17 किलो 749 ग्राम मिला. बरामद गांजे की कीमत 8 लाख 87 हजार 450 रुपए बताई जा रही है.

पटना का रहने वाला है युवक, पुलिस कर रही जांच

पूछताछ में पता चला की युवक बिहार के ही पटना सिटी का रहने वाला है और उनका नाम मनोज कुमार वर्णवाल है. इस मामले में रेल थाना प्रभारी बनारसी यादव ने बताया है कि, मादक पदार्थों की तस्करी के रोकथाम के लिए लगातार गश्ती और निगरानी रखी जा रही है. इसी कड़ी में गुप्त जानकारी के आधार पर जांच की गई तो शख्स 17 किलो 749 ग्राम अवैध गांजा के साथ पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान मनोज ने कहा है कि वह गांजा लेकर दिल्ली जा रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर मनोज किसके लिए यह गांजा लेकर जा रहा था और इस काले धंधे में कौन-कौन शामिल है.

14 सितंबर को गांजे के साथ पकड़ी गई थी एक महिला

गया जंक्शन पर इससे पहले 14 सितंबर को एक महिला भी गांजा तस्कर करती हुई पकड़ी थी. खास बात यह है कि वह महिला भी भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से ही गांजा की तस्करी कर रही थी, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 7 लाख रुपए बताई गई थी. अब मनोज के पास से लगभग 9 लाख रुपए का गांजा बरामद हुआ है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आखिर क्या इन दोनों में कोई संयोग है और क्या दोनों के पीछे कोई बड़ा मास्टरमाइंड है.

गांजा तस्करी में पकड़ी गई महिला का मामला हूबहू नेहा झा जैसा? पता चली अब ये कहानी