गया में शोले स्टाइल में लव स्टोरी: शादी के लिए 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा प्रेमी फिर...

पंकज कुमार

• 08:46 AM • 18 Sep 2026

बिहार के गया जिले में प्रेमिका और उसके परिवार को शादी के लिए राजी करने के लिए एक प्रेमी 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. 2 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब प्रेमिका ने शादी के लिए 'हां' कहा, तब जाकर युवक नीचे उतरा.

NewsTak
Google CTA

बॉलीवुड की मशहूर फिल्म शोले का वह सीन तो सभी को याद होगा जब वीरू टंकी पर चढ़कर मौसी से बसंती का हाथ मांगता है. ऐसा ही कुछ रीयल-लाइफ हाई-वोल्टेज ड्रामा बिहार के गया जिले में देखने को मिला. यहां 24 वर्षीय एक प्रेमी अपनी रूठी प्रेमिका और उसके परिवार वालों को शादी के लिए राजी करने की जिद में मोबाइल टावर के शिखर पर जा चढ़ा. युवक ने टावर के ऊपर से चिल्लाकर साफ कह दिया— 'अगर शाम तक मेरी शादी के लिए प्रेमिका और उसके घरवाले राजी नहीं हुए, तो मैं टावर से कूदकर अपनी जान दे दूंगा.' इसके बाद मौके पर घंटों तक अफरा-तफरी और ड्रामे का माहौल बना रहा.

Read more!

2-3 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मामला गया जिले के डुमरिया प्रखंड स्थित बोधिबीघा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, पचहथूर गांव निवासी मेराज अहमद (24 वर्ष) का गांव की ही एक युवती के साथ पिछले दो-तीन सालों से अफेयर चल रहा था. दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे. हालांकि, सामाजिक और पारिवारिक बंदिशों के कारण दोनों के परिजनों की ओर से इस शादी के लिए रजामंदी नहीं मिल पा रही थी. परिजनों की सख्ती और दूरी के चलते प्रेमिका भी धीरे-धीरे मेराज से दूर होने लगी थी. प्रेमिका की बेरुखी और शादी न हो पाने के डर से परेशान होकर मेराज ने खौफनाक कदम उठाने का मन बना लिया.

2 घंटे तक गांव में मचा हड़कंप, पुलिस भी पहुंची

मेराज गांव में बने लगभग 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर पहुंचते ही शादी की मांग को लेकर शोर मचाने लगा. देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और युवक के परिजन भी वहां पहुंचे. पुलिसकर्मी और गांव के बुजुर्ग माइक और आवाज देकर उसे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन प्रेमी अपनी जिद पर अड़ा रहा. उसका कहना था कि जब तक प्रेमिका खुद आकर शादी के लिए हां नहीं कहेगी, वह नीचे नहीं कदम रखेगा.

प्रेमिका की हां सुनते ही शांत हुआ गुस्सा

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमिका और उसके परिवार से बातचीत की गई. आखिरकार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रेमिका ने मेराज के साथ शादी करने के लिए अपनी रजामंदी दे दी. जैसे ही प्रेमिका की ओर से शादी के लिए 'हां' का संदेश ऊपर तक पहुंचाया गया, मेराज का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आया. युवक के नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

वीडियो बनाने को लेकर परिजनों में नाराजगी

घटनाक्रम के दौरान नीचे खड़े कुछ लोग अपने मोबाइल से पूरे ड्रामे का वीडियो बनाने लगे, जिसे लेकर युवक और युवती दोनों पक्षों के परिजनों ने आपत्ति जताई. पुलिस ने भी लोगों से वीडियो न बनाने की अपील की, हालांकि बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया. बोधिबीघा थाना पुलिस के अनुसार, युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है. दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी व सामाजिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

48 घंटे में RJD का नीतीश कुमार को दो बार ऑफर, क्या बिहार में फिर होने वाला है कोई बड़ा 'खेला'?