बेगूसराय: केंद्रीय कपड़ा मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है. दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में डाक के जरिए एक गुमनाम धमकी भरा पत्र पहुंचा है. पत्र में अंग्रेजी में लिखा गया है, "You will be killed shortly by hardcore terrorists." यानी 'हार्डकोर आतंकी जल्द ही आपकी हत्या कर देंगे.' धमकी भरा पत्र सामने आने के बाद बेगूसराय नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और केस की पड़ताल के लिए एक टीम दिल्ली रवाना हो गई है.
ADVERTISEMENT
साधारण डाक से पहुंचा धमकी भरा पत्र
मिली जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर को नई दिल्ली के नेताजी नगर स्थित GPOA-3 के कमरा नंबर 5605 में साधारण डाक के जरिए एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ था. लिफाफे पर गिरिराज सिंह, वस्त्र मंत्री, उद्योग भवन, डॉ. मौलाना आजाद रोड, नई दिल्ली-110011 का पता लिखा हुआ था. लिफाफा खोलने पर अंदर अंग्रेजी में सिर्फ एक लाइन टाइप की गई थी. इसमें केंद्रीय मंत्री को हार्डकोर आतंकियों द्वारा जल्द हत्या किए जाने की धमकी दी गई थी. धमकी वाले संदेश के नीचे दो मोबाइल नंबर भी लिखे गए थे.
दो मोबाइल नंबरों से जुड़ा कर्नाटक कनेक्शन
शुरुआती पुलिस जांच में पत्र में लिखे गए मोबाइल नंबर का संबंध कर्नाटक के कोलार जिले के श्रीनिवासपुरा तालुका के इम्बाला गांव निवासी नीतीश रेड्डी, पिता रामकृष्ण रेड्डी से सामने आया है.हालांकि, इन नंबरों और धमकी भरे पत्र के बीच वास्तविक संबंध क्या है, इसकी जांच अभी पुलिस कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पत्र किसने भेजा और इसके पीछे असल मकसद क्या था.
केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी
धमकी भरा पत्र मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के निजी सचिव और IAS अधिकारी योगेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव को आधिकारिक माध्यम से दी. इसके बाद निजी सचिव के पत्र की प्रति बेगूसराय एसपी कार्यालय को मिली. वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. बेगूसराय नगर थाना के प्रभारी और पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार हिमांशु ने अपने बयान पर 4 सितंबर को मामला दर्ज कराया. पुलिस के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री की हत्या की साजिश रचना और जान से मारने की धमकी देना गंभीर और संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है. अब पुलिस दिल्ली जाकर उस जगह की जांच करेगी, जहां से धमकी भरा पत्र भेजा गया था. इसके अलावा पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबरों से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जाएगी.
क्या बोले सदर DSP?
बेगूसराय के प्रभारी सदर DSP इमरान अहमद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को धमकी भरा पत्र दिल्ली में मिला था. मंत्री के निजी सचिव की सूचना के आधार पर बेगूसराय नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है. मामले की जांच के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना हो गई है. बताते चलें कि गिरिराज सिंह से जुड़े लोगों को पहले भी धमकी मिल चुकी है. सितंबर 2024 में मंत्री के तत्कालीन सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर को पाकिस्तान से WhatsApp कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी. उस मामले की जांच भी हुई थी, लेकिन अब तक उसमें कोई बड़ी उपलब्धि सामने नहीं आई है. फिलहाल नए मामले में पुलिस की जांच जारी है. दिल्ली से भेजे गए धमकी भरे पत्र, उसमें लिखे मोबाइल नंबर और पत्र भेजने वाले की पहचान पुलिस जांच के प्रमुख बिंदु हैं.
ADVERTISEMENT


