'मुझको राणा जी माफ करना...', उपनयन संस्कार में पहुंचे अनंत सिंह का हुआ भव्य स्वागत, अब हो गई ये बड़ी कार्रवाई!

Anant Singh FIR: गोपालगंज के मीरगंज में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान बाहुबली विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह पर अश्लील डांस और हथियार लहराने के आरोप में FIR दर्ज हुई है. वायरल वीडियो के बाोद पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अश्लीलता फैलाने की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है. जानिए पूरा मामला, वायरल वीडियो, पुलिस एक्शन और बिहार की राजनीति में मचे बवाल की पूरी जानकारी.

Anant Singh FIR News
Anant Singh FIR News

शशि भूषण कुमार

follow google news

बिहार की राजनीति में अपने बोलने के अंदाज से मशहूर जदयू विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह उनका दिया हुआ कोई बयान नहीं बल्कि एक समारोह में मौजूदगी और वहां सरेआम उनके समर्थकों द्वारा हथियार लहराना है. दरअसल 'छोटे सरकार' के नाम से जाने-जाने वाले बाहुबली विधायक अब एक कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. गोपालगंज जिले के मीरगंज में एक निजी कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य और समर्थकों द्वारा सरेआम हथियार लहराने के मामले में पुलिस ने विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी. 

Read more!

उपनयन संस्कार में सजी थी महफिल, वीडियो हुआ वायरल

यह पूरा विवाद 2 मई को शुरू हुआ, जब अनंत सिंह गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सिमराव गांव पहुंचे थे. वे वहां के स्थानीय मुखिया गुड्डू राय के बेटे के जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने गए थे. इस समारोह के दौरान एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था, जिसमें डांस का भी प्रोग्राम था. कार्यक्रम के दौरान अनंत सिंह खुद महफिल में बैठे नजर आ रहे हैं और उनके सामने डांसर पर जमकर पैसे लुटाए जा रहे हैं. 

समर्थकों ने लहराए हथियार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

कार्यक्रम की जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, उसमें अश्लीलता के साथ-साथ हथियारों का खुला प्रदर्शन भी देखने को मिला. इस दौरान 'मुझको राणा जी माफ करना… और ‘मगर जब करती है तो हाय कयामत करती है...' जैसे गाने बैकग्राउंड में सुनाई दे रहे है. विधायक के स्वागत में उनके समर्थकों द्वारा सरेआम बंदूकें लहराई गईं, जो कानून का उल्लंघन है. वीडियो के संज्ञान में आने के बाद गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई. एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अब आर्म्स एक्ट और अश्लीलता फैलाने की धाराओं के तहत सख्त एक्शन लिया है.

9 नामजद और अन्य अज्ञात पर केस

मीरगंज थाने में पुलिस ने इस मामले में कुल 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. इसमें मुख्य रूप से विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह और कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय शामिल हैं. इनके अलावा उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टीशु राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय और सुनील यादव को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और अब विधायक पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है.

रोहिणी आचार्य ने साधा निशाना

अनंत सिंह का यह वीडियो वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है. राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और सत्ता पक्ष के विधायक के इस आचरण पर कड़े सवाल उठाए. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की पूरी तरह जांच करने के बाद ही यह कार्रवाई की गई है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था और शांति बनी रहे. 

    follow google news