IIT पटना के रजिस्ट्रार अवलेन्द्र कुमार ठाकुर के खिलाफ दलित समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में FIR दर्ज की गई है. आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'काबिल मत बनो, दलित बनो, कामयाबी झक मारकर पीछे आएगी'. इस टिप्पणी को लेकर पूर्व कांग्रेसी नेता आदित्य पासवान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उनका आरोप है कि इस बयान से दलित समाज की मेहनत, प्रतिभा और सम्मान का अपमान हुआ है. पटना के एससी-एसटी थाने में 5 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
IIT पटना के रजिस्ट्रार अवलेन्द्र कुमार ठाकुर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनके खिलाफ दलित समाज की भावनाएं आहत करने और जातीय वैमनस्य फैलाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है.
यह विवाद 19 सितंबर को सोशल मीडिया पर की गई एक कथित टिप्पणी से जुड़ा है. पूर्व कांग्रेसी नेता आदित्य पासवान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि रजिस्ट्रार ने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'काबिल मत बनो, दलित बनो, कामयाबी झक मारकर पीछे आएगी'.
इस टिप्पणी पर आदित्य पासवान ने आपत्ति जताई. उनका कहना है कि इस तरह के शब्द दलित समाज की मेहनत, प्रतिभा और संघर्ष का अपमान करते हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद दलित समाज से आते हैं. ऐसे में यह टिप्पणी केवल उनकी व्यक्तिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों दलित नागरिकों के सम्मान से भी जुड़ी है.
आरक्षण को लेकर क्या बोले आदित्य पासवान?
आदित्य पासवान ने अपनी शिकायत में आरक्षण के मुद्दे पर भी बात रखी. उनका कहना है कि आरक्षण किसी राजनीतिक दल की ओर से दिया गया उपहार नहीं है. यह सदियों से चले आ रहे सामाजिक भेदभाव और असमानता को दूर करने के लिए संविधान में किया गया प्रावधान है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं है. वह संविधान, सामाजिक सम्मान और समानता के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं.
5 नवंबर को दर्ज हुई FIR, पुलिस करेगी पूछताछ
आदित्य पासवान ने IIT पटना के रजिस्ट्रार के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी. इसके आधार पर पटना के एससी-एसटी थाने में 5 नवंबर को FIR दर्ज की गई. शिकायत में दलित समाज की भावनाएं आहत करने, संविधान की भावना का अपमान करने और समाज में जातीय वैमनस्य फैलाने के आरोप लगाए गए हैं.
आदित्य पासवान का कहना है कि किसी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर बैठे व्यक्ति की ओर से इस तरह की कथित टिप्पणी चिंताजनक है. इससे समाज में जातीय कटुता बढ़ सकती है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. खबर के मुताबिक, पुलिस जल्द ही IIT पटना के रजिस्ट्रार अवलेन्द्र कुमार ठाकुर से पूछताछ कर सकती है.
ADVERTISEMENT


