Jahanabad में NEET पेपर लीक पर भयंकर बवाल, DM आवास पर पथराव के बाद पुलिस ने की हवाई फायरिंग

न्यूज तक

• 01:17 PM • 24 Jul 2026

जहानाबाद में NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का उग्र प्रदर्शन. डीएम आवास पर पथराव के बाद पुलिस ने की कई राउंड फायरिंग. पटना-गया रेल खंड बाधित, एसपी कोटा किरण कुमार ने संभाला मोर्चा.

NewsTak
firing in Jehanabad
Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

NEET पेपर लीक के विरोध में जहानाबाद में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक

point

पटना-गया रेलखंड जाम कर ट्रेनों का परिचालन बाधित किया गया

point

उग्र प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी आवास पर पथराव किया

point

स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग की गई

point

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी- DM

NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर जहानाबाद में छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को बेहद हिंसक रूप ले बैठा. उग्र प्रदर्शनकारियों ने न केवल पटना-गया रेल खंड को जाम किया, बल्कि जिलाधिकारी (DM) आवास को निशाना बनाते हुए जबरदस्त पथराव भी कर दिया. इसके बाद बेकाबू स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करते हुए कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी.

Read more!

रेलवे ट्रैक पर कब्जा, फिर DM आवास पर हमला

NEET परीक्षा रद्द करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे. प्रदर्शनकारी मार्च निकालते हुए सीधे पटना-गया रेल पटरी पर जा पहुंचे और ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया. रेलवे ट्रैक से हटने के बाद आक्रोशित भीड़ जहानाबाद के जिलाधिकारी आवास की ओर बढ़ गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और उपद्रवियों ने डीएम आवास पर अचानक पथराव शुरू कर दिया. हमले में आवास परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.

पुलिस ने की फायरिंग, DM ने की पुष्टि

अचानक हुए पथराव के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बलों ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पथराव होता रहा. अंततः भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवा में कई राउंड गोलियां (फायरिंग) चलानी पड़ीं.

जिलाधिकारी का बयान

जहानाबाद के डीएम ने मीडिया से बातचीत में खुद पुष्टि की कि भीड़ के हिंसक होने और डीएम आवास पर पथराव करने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा.

SP कोटा किरण कुमार ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (SP) कोटा किरण कुमार भारी पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने कमान संभालते हुए मोर्चा लिया और सख्त बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ बाहर किया.

पुलिस अधीक्षक (SP) का बयान

एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि कानून हाथ में लेने वालों और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. स्थिति फिलहाल पूरी तरह से नियंत्रण में है.

शहर में सुरक्षा कड़ी, भारी पुलिस बल तैनात

पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी मौके से भाग खड़े हुए. इस हिंसक झड़प के बाद पूरे शहर में स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. संवेदनशील इलाकों और सरकारी इमारतों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही है.