जमुई मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

जमुई में बाइक सवार लड़का-लड़की से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मिथिलेश, प्रमोद और गोलू कुमार की गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र से हुई है, जबकि कुल 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज है. वायरल वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर पुलिस बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.

NewsTak
Google CTA

जमुई में नाबालिग लड़का-लड़की से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश, प्रमोद और गोलू कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपियों की उम्र करीब 25 से 26 साल है. तीनों की गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र से की गई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. इस मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस वायरल वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.

Read more!

क्या है मामला?

जमुई जिले में बाइक से जा रहे नाबालिग लड़का और लड़की को रास्ते में रोककर कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

19 सितंबर की शाम की बताई जा रही घटना

बताया जा रहा है कि यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई. वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क पर बाइक सवार नाबालिग लड़के और लड़की को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की.

एसपी ने की वीडियो और घटना की पुष्टि

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पीड़ित नाबालिग हैं. पुलिस ने उनसे बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली है.

राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई

जमुई की इस घटना को लेकर जेडीयू और बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार है और यहां मॉब जस्टिस नहीं चल सकता. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा काम किया है, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी.

वहीं बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने घटना को शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों की पहचान कर रही है और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.