बिहार के जमुई में नाबालिग प्रेमी जोड़े के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़ितों की पहचान कर उनका बयान दर्ज किया है. जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है.
ADVERTISEMENT
19 सितंबर की शाम हुई थी घटना
एसपी के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है. दोनों नाबालिग छात्र-छात्रा कोचिंग के बाद फोटो शूट करने के लिए उस इलाके में गए थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया. वायरल वीडियो में युवकों द्वारा दोनों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते हुए देखा जा सकता है.
पुलिस के मुताबिक, घटना जमुई थाना क्षेत्र के एक पहाड़ी इलाके की है. जांच की गोपनीयता को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल घटनास्थल और कुछ अन्य जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं.
वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान
एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि वायरल वीडियो में करीब 6-7 लोग दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की पहचान की है. उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही गई है.
एसपी ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. गिरफ्तारियों के बाद पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी.
घटना के दो दिन बाद दर्ज हुई FIR
एसपी ने बताया कि घटना के बाद पीड़ितों की ओर से तत्काल कोई औपचारिक शिकायत नहीं की गई थी. सोमवार को पुलिस को वायरल वीडियो के जरिए मामले की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने पीड़ितों से संपर्क किया और उनका बयान दर्ज किया.
पीड़ितों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है. एसपी ने बताया कि नाबालिगों का मामला होने की वजह से परिवार ने शुरुआत में घटना को लेकर शिकायत नहीं की थी.
आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जमुई एसपी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक भी किया जाएगा. एसपी ने कहा कि समाज के लोगों को भी इस तरह की घटनाओं को रोकने में सहयोग करना चाहिए.
महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
वहीं, मामले को राज्य महिला आयोग ने भी गंभीरता से लिया है. आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा है कि टीम घटनास्थल पर जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेगी और पूरे मामले की जानकारी लेगी. उन्होंने दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही है.
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT


