Jamui Viral Video: जमुई बदसलूकी मामले में राहुल गांधी ने सरकार से किया सवाल, कर दी ये बड़ी मांग

जमुई वायरल वीडियो मामले में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर सवाल उठाए हैं. राहुल गांधी ने सभी आरोपियों की पहचान कर POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की. जानिए क्या है पूरा मामला और राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में क्या कहा.

NewsTak
Google CTA

जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस कार्रवाई के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर सवाल उठाए हैं. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में वायरल वीडियो को लेकर घटना की निंदा की और मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की. राहुल गांधी ने लिखा कि बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है. 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया. उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया. बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे.

Read more!

राहुल गांधी ने उठाया सवाल 

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में सवाल उठाया कि आखिर इन लोगों को ऐसी हरकत करने का अधिकार किसने दिया. उन्होंने इसे संस्कृति नहीं बल्कि पैट्रियार्की  सोच बताया और कहा कि वीडियो में नजर आ रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए. राहुल गांधी ने यह भी सवाल किया कि अगर घटना 19 सितंबर की है तो सभी आरोपी अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं. उन्होंने बिहार सरकार से यह जवाब भी मांगा कि शाम के समय राज्य की सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा को लेकर क्या स्थिति है.

जमुई मामले में अब तक क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच नाबालिग लड़का और लड़की बाइक/स्कूटी से जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. वायरल वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और पीड़ितों से संपर्क कर उनके बयान दर्ज किए. मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश, प्रमोद और गोलू कुमार के रूप में बताई गई है. पुलिस वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर बाकी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. जांच में वायरल वीडियो के साथ-साथ पीड़ितों के बयानों को भी आधार बनाया जा रहा है.

जमुई हुआ शर्मसार : छात्रा को अकेले पाकर मनचलों ने की हदें पार, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने एक्शन मोड में !